स्वच्छता और जीव-दया का संदेश: कायस्थ समाज ने घाटों पर चलाया अभियान, ‘नीर पखेरू’ की शुरुआत

संस्कारधानी नर्मदापुरम में रविवार को अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा सेवा, आस्था और पर्यावरण संरक्षण का प्रेरणादायक उदाहरण प्रस्तुत किया गया। कोरीघाट स्थित चित्रगुप्त घाट पर समाज की मातृशक्ति और नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा के नेतृत्व में व्यापक स्वच्छता अभियान चलाया गया। इस दौरान घाट पर फैली गंदगी, प्लास्टिक, पॉलिथीन और पुराने वस्त्रों को श्रमदान के माध्यम से एकत्र कर डस्टबिन में डाला गया।
अभियान के साथ ही ‘नीर पखेरू’ सकोरा पहल का भी शुभारंभ किया गया, जिसके तहत घाट और आसपास के पेड़ों पर मिट्टी के सकोरे बांधकर उनमें पानी और दाना रखा गया, ताकि भीषण गर्मी में पक्षियों को राहत मिल सके। यह पहल नर्मदापुरम कलेक्टर सोमेश मिश्रा की प्रेरणा से जन-आंदोलन का रूप लेती दिख रही है।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी विजय वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा हमारी जीवनदायिनी हैं और उनकी स्वच्छता बनाए रखना हर नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने पक्षियों के संरक्षण को भी उतना ही आवश्यक बताया। वहीं, सुनील राय ने सकोरा अभियान की निरंतरता सुनिश्चित करने के लिए एक व्यक्ति की स्थायी व्यवस्था किए जाने की घोषणा की, जो प्रतिदिन सकोरों में पानी और दाना डालेगा।मातृशक्ति जिला अध्यक्ष ज्योति वर्मा ने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे घाटों पर गंदगी न फैलाएं और स्वच्छता बनाए रखें। उन्होंने कहा कि ‘नीर पखेरू’ अभियान के माध्यम से जीव-दया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश घर-घर तक पहुंचाया जाएगा।
इस अभियान में जिला अध्यक्ष राजेन्द्र श्रीवास्तव, अभय वर्मा, गुड्डू वर्मा, सीबी खरे, मनोज वर्मा सहित अनेक गणमान्य नागरिकों और मातृशक्ति की सक्रिय भागीदारी रही।

Spread the love