अनाथ हिंदू की जमीन पर षड्यंत्रपूर्वक रजिस्ट्री कराने वालों पर कार्रवाई की मांग विहिप ने कथित ‘लैंड जिहाद’ मामले में रजिस्ट्री शून्य करने की उठाई मांग

नर्मदापुरम-सिवनी मालवा तहसील के ग्राम आमलाड़ा कला में एक मानसिक रूप से विक्षिप्त एवं अनाथ युवक की कृषि भूमि की कथित षड्यंत्रपूर्वक रजिस्ट्री कराने के मामले को लेकर विश्व हिंदू परिषद, बजरंग दल एवं ग्रामवासियों ने कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर कार्रवाई की मांग की। प्रतिनिधिमंडल ने जिलाधीश के नाम ज्ञापन अपर कलेक्टर अनिल जैन को सौंपा तथा दोषियों पर कठोर कार्रवाई करने की मांग की।ज्ञापन में बताया गया कि ग्राम आमलाड़ा कला निवासी कन्हैया लाल पिता रामकिशन कतिया बचपन से मानसिक रूप से कमजोर हैं तथा सोचने-समझने में असमर्थ हैं। उनके पास खसरा नंबर 125/6 में लगभग 1.416 हेक्टेयर कृषि भूमि है। आरोप है कि उनकी मानसिक स्थिति का फायदा उठाकर सिवनी मालवा निवासी शायना बी पत्नी सिद्धिक कसाई द्वारा कथित रूप से षड्यंत्रपूर्वक उन्हें पंजीयन कार्यालय ले जाकर 11 लाख रुपए में भूमि की रजिस्ट्री करा ली गई।विश्व हिंदू परिषद एवं बजरंग दल के पदाधिकारियों ने इस पूरे मामले को गंभीर बताते हुए इसे “लैंड जिहाद” से जोड़कर रजिस्ट्री को तत्काल शून्य घोषित करने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की। साथ ही जिला पुलिस अधीक्षक को भी ज्ञापन सौंपकर संबंधित आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने की अपील की गई।ज्ञापन देने वालों में विहिप प्रांत सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख शिव राठौर, जिला उपाध्यक्ष प्रवीण अवस्थी, बजरंग दल जिला संयोजक नितिन मेस्कर, हरिओम पाल, पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष रामबख्श नागले, अमरसिंह कीर, धनराज पाल, बालकृष्ण आठनेरे, टीकाराम पाटनकर सहित बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Spread the love