पशु अस्पताल परिसर जुमेराती में बढ़ रहा अतिक्रमण, शासकीय भूमि पर बन रहे मकान

नर्मदापुरम -शहर के जुमेराती क्षेत्र स्थित लगभग 50 वर्ष पुराने पशु अस्पताल परिसर में इन दिनों तेजी से अतिक्रमण फैल रहा है। अस्पताल भवन और शासकीय आवास जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं। आईटीआई रोड पर नया पशु चिकित्सालय बनने के बाद पुराने परिसर में गतिविधियां लगभग बंद हो गई हैं, जिसका फायदा उठाकर अतिक्रमणकारी सरकारी जमीन पर कब्जा जमाने लगे हैं।जानकारी के अनुसार परिसर में कच्चे और पक्के मकान बनाए जा रहे हैं। इतना ही नहीं, दोनों ओर से रास्तों को भी बंद किया जा रहा है, जिससे लोगों की आवाजाही प्रभावित हो रही है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि इस पूरे मामले में अधिकारियों की मिलीभगत से भी इनकार नहीं किया जा सकता। लंबे समय से अतिक्रमण बढ़ने के बावजूद जिम्मेदार विभाग और प्रशासनिक अधिकारी अनजान बने हुए हैं।खंडहर में तब्दील हो चुके इस परिसर पर अब भू-माफियाओं की नजर पड़ चुकी है। करोड़ों रुपये मूल्य की शासकीय भूमि पर धीरे-धीरे कब्जे का दायरा बढ़ता जा रहा है। नागरिकों का कहना है कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो पूरा परिसर अवैध कब्जों की चपेट में आ जाएगा।
गौरतलब है कि हाल ही में कलेक्टर सोमेश मिश्रा के निर्देश पर राजस्व विभाग ने भीलपुरा क्षेत्र में शासकीय भूमि से बड़ा अतिक्रमण हटाया था। कार्रवाई के दौरान नजूल भूमि पर किए गए लगभग 30 हजार वर्गफुट कब्जे को हटाकर करीब 3.5 करोड़ रुपये मूल्य की सरकारी भूमि को मुक्त कराया गया था। प्रशासन ने तब स्पष्ट किया था कि शासकीय भूमि पर अवैध कब्जा करने वालों के खिलाफ लगातार सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।अब जुमेराती स्थित पशु अस्पताल परिसर में बढ़ते अतिक्रमण को लेकर भी प्रशासनिक कार्रवाई की मांग तेज हो गई है।

Spread the love