
पवन जाट (सिवनी मालवा)
बानापुरा के निजी अस्पताल में किशोरी की मौत मामले में जांच शुरू, एसडीएम ने गठित की टीमसिवनी मालवा की उपनगरी बानापुरा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान 15 वर्षीय किशोरी की मौत का मामला अब तूल पकड़ने लगा है। घटना 26 अप्रैल की रात करीब 2 बजे की बताई जा रही है। मृतका की मां अनिता बैरागी ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही के आरोप लगाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) सिवनी मालवा के नाम ज्ञापन सौंपकर न्याय की मांग की है।परिजनों के अनुसार किशोरी को घबराहट होने पर अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनका आरोप है कि डॉक्टर लगातार बच्ची की हालत सामान्य बताते रहे और किसी प्रकार का खतरा नहीं होने की बात कही गई। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि अस्पताल की एक कर्मचारी द्वारा बच्ची को पानी पिलाया गया, जिसके बाद उन्हें संक्रमण होने की जानकारी दी गई।मृतका की मां का कहना है कि रात में खाना खाने के बाद किशोरी बाथरूम गई थी, जहां उसका पैर फिसल गया। वहीं अस्पताल प्रबंधन का दावा है कि किशोरी की मौत गिरने के कारण हुई है।मामले की गंभीरता को देखते हुए अनुविभागीय अधिकारी विजय राय ने जांच टीम गठित की है जिसमे नायब तहसीलदार को शामिल किया गया है । प्रशासन का कहना है कि जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
