
प्रतीक पाठक नर्मदापुरम
शहर के ग्वालटोली क्षेत्र स्थित दुर्गा मंदिर के पीछे पारिवारिक विवाद ने हिंसक रूप ले लिया, जब एक भाई ने दूसरे के घर में आग लगा दी। इस घटना में लाखों रुपये का सामान जलकर खाक हो गया। साथ ही आरोपी ने भाई की पत्नी पर चाकू से हमला कर उसे घायल भी कर दिया, जिसका इलाज जारी है।जानकारी के अनुसार, गणेश यादव अपने परिवार के साथ ग्वालटोली में रहते हैं, जबकि उनका भाई विजय यादव सीहोर में रहता है। दोनों के बीच मकान को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। नवरात्रि के दौरान जब परिवार के सदस्य ज्वारे विसर्जन के लिए बाहर गए थे, उसी दौरान विजय यादव ने मौके का फायदा उठाकर घर में आग लगा दी।आग की चपेट में टीवी, फ्रिज, कूलर, कपड़े, बर्तन, सोफा, गहने, नगदी और बच्चों की किताब-कॉपी व स्कूल ड्रेस जलकर नष्ट हो गईं। सूचना मिलने पर फायर ब्रिगेड ने आग पर काबू पाया।घटना की जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी कंचन सिंह ठाकुर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके खिलाफ बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है।
