
नर्मदापुरम संवाददाता–
पुण्य सलिला मां नर्मदा की पावन नगरी नर्मदापुरम में जन्मीं और वर्तमान में वृंदावन में साधनारत प्रख्यात कथावाचिका एवं भजन गायिका साध्वी अम्बालिकाजी ने मां नर्मदा की महिमा को समर्पित अपना नया वीडियो भजन ‘मोरी मैया नर्मदा हिलोर लेवें’ रिलीज किया है। भक्ति और आध्यात्मिक भावनाओं से ओतप्रोत यह भजन मां नर्मदा के प्रति श्रद्धालुओं की अगाध आस्था और प्रेम को संगीतमय अभिव्यक्ति देता है।
भजन में मां नर्मदा की लहरों, उनकी पावन जलधारा और मैया की अलौकिक महिमा का भावपूर्ण वर्णन किया गया है। साध्वी अम्बालिकाजी की सुमधुर आवाज और भक्तिभाव से परिपूर्ण प्रस्तुति गीत को विशेष आध्यात्मिक अनुभूति प्रदान करती है। नर्मदापुरम से जन्म और भावनात्मक जुड़ाव होने के कारण इस भजन में मां रेवा के प्रति एक बेटी के प्रेम, स्थानीय संस्कृति और नर्मदा तट की आध्यात्मिक ऊर्जा की झलक भी देखने को मिलती है।
नर्मदापुरम के प्रसिद्ध घाटों और मंदिरों में हुई शूटिंग
इस वीडियो भजन का विशेष आकर्षण नर्मदापुरम के प्रसिद्ध घाटों, मंदिरों और प्राकृतिक स्थलों के मनोहारी दृश्य हैं। भजन की शूटिंग सेठानी घाट, श्री काले महादेव मंदिर, श्री जगदीश मंदिर, गोल घाट, पर्यटन घाट, रामघाट स्थित नीलांचल भवन तथा बांद्राभान संगम के आसपास की गई है। नर्मदा तट के इन सुंदर दृश्यों के माध्यम से मां रेवा की महिमा और नर्मदापुरम की धार्मिक-सांस्कृतिक विरासत को दर्शाने का प्रयास किया गया है।
नीलांचल भवन शिक्षाविद् श्री आशुतोष शर्मा से संबंधित है। वीडियो में नर्मदा के घाटों और मंदिरों के दृश्य भजन के आध्यात्मिक भाव को और प्रभावशाली बनाते हैं।
साध्वी अम्बालिकाजी ने मां नर्मदा को समर्पित की संगीतमय भेंट
भजन के संबंध में साध्वी अम्बालिकाजी ने कहा, “मां नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि जीवंत शक्ति हैं और हम सबकी आस्था का केंद्र हैं। नर्मदापुरम की माटी और मां रेवा के जल से मेरा गहरा नाता है। यह भजन उसी वात्सल्य और भक्ति की एक छोटी-सी संगीतमय भेंट है।”
संगीत और प्रस्तुति में कलाकारों का योगदान
‘मोरी मैया नर्मदा हिलोर लेवें’ भजन की गायिका, कोरियोग्राफर एवं पारंपरिक गीत प्रस्तुति साध्वी अम्बालिकाजी ने की है। इसका संगीत रोहित ठाकुर ने तैयार किया है, जबकि संगीत निर्माण का कार्य भोपाल स्थित फ्रिस्की साउंड स्टूडियो में हुआ है। वीडियो का छायांकन नर्मदापुरम की द ड्रीम स्टोरीज टीम ने किया है।
यह वीडियो भजन यूट्यूब सहित प्रमुख डिजिटल प्लेटफॉर्म पर श्रद्धालुओं और संगीत प्रेमियों के लिए उपलब्ध है। मां नर्मदा के प्रति समर्पित इस प्रस्तुति के माध्यम से साध्वी अम्बालिकाजी ने अपनी जन्मभूमि नर्मदापुरम की धार्मिक पहचान और मां रेवा के प्रति अपनी श्रद्धा को संगीत के जरिए व्यक्त किया है।
