
नर्मदापुरम संवाददाता-
भारत सरकार, गृह मंत्रालय के राजभाषा विभाग द्वारा नवी मुंबई में 14 एवं 15 सितंबर 2026 को आयोजित अखिल भारतीय राजभाषा सम्मेलन में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया को राजभाषा के उत्कृष्ट कार्यान्वयन के लिए प्रथम राजभाषा कीर्ति पुरस्कार से सम्मानित किया गया।क्षेत्रीय प्रमुख मुकेश चौधरी ने बताया कि सम्मेलन के दौरान प्रथम पुरस्कार के रूप में प्रदान की जाने वाली राजभाषा शील्ड महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस, उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे एवं सुनेत्रा पवार की उपस्थिति में केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह के करकमलों से बैंक के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार ने प्राप्त की। यह सम्मान बैंक द्वारा राजभाषा के प्रभावी कार्यान्वयन, हिंदी के प्रचार-प्रसार तथा राजभाषा नीति के प्रति प्रतिबद्धता के साथ किए जा रहे सतत प्रयासों का गौरवपूर्ण प्रतिफल है।’सेन्ट्रलाइट’ का विशेष विरासत अंक जारी इस अवसर पर बैंक की द्विभाषीय गृह पत्रिका ‘सेन्ट्रलाइट’ के 100 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में प्रकाशित विशेष ‘विरासत अंक’ का विमोचन भी किया गया। राजभाषा विभाग के राज्यमंत्री नित्यानन्द राय, बंदी संजय कुमार एवं राजभाषा सचिव अंशुली आर्य ने इसका विमोचन किया। विशेषांक में सेन्ट्रल बैंक ऑफ इंडिया की गौरवशाली विरासत, विकास यात्रा और संस्थागत मूल्यों को अभिव्यक्त किया गया है।115 वर्षों की यात्रा की प्रदर्शनी
सम्मेलन के दौरान बैंक की ओर से उसकी 115 वर्षों की गौरवशाली यात्रा को प्रदर्शित करते हुए विशेष प्रदर्शनी भी लगाई गई। इसमें बैंक की विरासत, नवाचार पहल, राजभाषा के क्षेत्र में उपलब्धियां तथा विकास यात्रा को विभिन्न मॉडलों एवं प्रस्तुतियों के माध्यम से आकर्षक ढंग से प्रस्तुत किया गया।प्रदर्शनी में बैंक की ऐतिहासिक उपलब्धियों के साथ आधुनिक बैंकिंग क्षेत्र में उसकी नवाचारपरक सोच और भविष्य की दिशा को भी प्रभावी रूप से रेखांकित किया गया।इस महत्वपूर्ण अवसर पर बैंक के एमडी एवं सीईओ कल्याण कुमार के साथ कार्यपालक निदेशक महेन्द्र दोहरे, मुख्य महाप्रबंधक-राजभाषा कुशल पाल, सहायक महाप्रबंधक-राजभाषा हितेन्द्र धूमाल तथा देशभर में पदस्थ बैंक के राजभाषा अधिकारियों ने सहभागिता की।
