
नर्मदापुरम संवाददाता-
पवित्र मां नर्मदा के तट स्थित सेठानी घाट के प्राचीन श्री दाऊजी मंदिर में भगवान श्रीकृष्ण के बड़े भाई बलदेव (बलदाऊजी) महाराज का पावन जन्मोत्सव गुरुवार, 17 सितंबर 2026 को श्रद्धा, भक्ति और उल्लास के साथ धूमधाम से मनाया गया। जन्मोत्सव को लेकर सुबह से ही मंदिर में दर्शन-पूजन के लिए श्रद्धालुओं का तांता लगा रहा। मंदिर परिसर भगवान बलदाऊजी के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंज उठा। भजन गायिका आशा राजपूत ने बांधा समां जन्मोत्सव के अवसर पर मंदिर प्रांगण में विशेष धार्मिक एवं भजन संगीत कार्यक्रम आयोजित किया गया। सुबह 11 बजे से शुरू हुए कार्यक्रम में प्रसिद्ध भजन गायिका श्रीमती आशा राजपूत ने अपने सुमधुर कंठ से भगवान के एक से बढ़कर एक भजनों की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं। जय श्री राधे के जयकारों के बीच भजनों की प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति में झूमते और भगवान की आराधना करते नजर आए।संगत कलाकारों की शानदार जुगलबंदी भजन कार्यक्रम में नगर एवं क्षेत्र के कलाकारों ने भी अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। गायन संगत में प्रशांत रैकवार, शैलेंद्र तिवारी एवं राकेश बनाफर, ऑर्गन वादन में अतुल शर्मा, ऑक्टोपैड (पैड) पर लोकेश चौधरी तथा ढोलक वादन में लोकेश यादव ने संगत दी।कलाकारों की मधुर धुनों, सुरों और ताल के बेहतरीन तालमेल ने मंदिर परिसर के वातावरण को पूरी तरह भक्तिमय बना दिया। श्रद्धालु देर तक भजनों का आनंद लेते रहे।महाआरती और महाप्रसाद के साथ हुआ समापन कार्यक्रम के अंत में भगवान बलदाऊजी एवं ठाकुर जी की विशेष पूजा-अर्चना संपन्न हुई। इसके बाद विधिवत महाआरती की गई। आरती के दौरान मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा। महाआरती के पश्चात उपस्थित धर्मप्रेमी बंधुओं एवं श्रद्धालुओं को महाप्रसाद का वितरण किया गया।बलदाऊजी जन्मोत्सव में बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों एवं दर्शनार्थियों ने सहभागिता कर भगवान के दर्शन किए और धार्मिक आयोजन का लाभ लिया। पूरे आयोजन के दौरान मंदिर परिसर में श्रद्धा, भक्ति और उत्साह का वातावरण बना रहा।
