
नर्मदापुरम
शनिवार रात आई तेज आंधी और भारी बारिश के बाद चित्रगुप्त घाट पर फैली गंदगी को साफ करने के लिए रविवार सुबह अखिल भारतीय कायस्थ समाज के सदस्यों ने वृहद स्वच्छता अभियान चलाया। मां नर्मदा के पावन तटों को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के उद्देश्य से समाज के महिला एवं पुरुष सदस्यों ने श्रमदान कर घाट परिसर को साफ किया।बारिश के कारण घाट के फर्श और किनारों पर बड़ी मात्रा में कचरा, पत्तियां, सिल्ट और काई जमा हो गई थी। समाज के सदस्यों ने झाड़ू लगाकर सूखा एवं गीला कचरा एकत्र किया तथा उसे व्यवस्थित रूप से डस्टबिन में डाला। इसके साथ ही घाट की सीढ़ियों और किनारों पर जमी फिसलन भरी काई को भी हटाया गया, जिससे श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा या दुर्घटना का सामना न करना पड़े।
इस अवसर पर समाजसेवी केशव देव वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा हमारी जीवनदायिनी हैं और उनके तटों की स्वच्छता बनाए रखना हम सभी का नैतिक दायित्व है। उन्होंने बताया कि मातृशक्ति इस अभियान को आगे बढ़ाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है और पुरुष भी बराबरी से सहयोग कर रहे हैं। उन्होंने श्रद्धालुओं से अपील की कि वे फूल-माला एवं पूजा सामग्री नदी में न डालें और डस्टबिन का उपयोग करें।सुप्रसिद्ध भजन गायिका आशा राजपूत ने कहा कि चित्रगुप्त घाट देश-विदेश में प्रसिद्ध आस्था का केंद्र है, जहां अमावस्या और पूर्णिमा पर हजारों श्रद्धालु पहुंचते हैं। ऐसे में घाट की स्वच्छता बनाए रखना सभी की जिम्मेदारी है।अभियान में अभय वर्मा, विजय वर्मा, सुनील राय, सी.बी. खरे, मनोज वर्मा, मंजू श्रीवास्तव, प्रीति खरे, ज्योति वर्मा, सुमन वर्मा, रितु श्रीवास्तव, जानकी, अनीता वर्मा, ममता तिवारी और प्रिया श्रीवास्तव सहित समाज के अनेक सदस्य एवं मातृशक्ति उपस्थित रही। सभी ने इसे पुण्य कार्य बताते हुए भविष्य में भी ऐसे अभियान जारी रखने का संकल्प लिया।
