रिवर व्यू कॉलोनी में सड़क पर रेत और भारी मशीनों का जमावड़ा, श्रद्धालु परेशान नवरात्रि में मंदिर जाने वाले महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को हो रही परेशानी, रहवासियों ने प्रशासन से की कार्रवाई की मांग

                    नर्मदापुरम संवाददाता-

शहर के मालाखेड़ी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी के गेट नंबर-1 पर सड़क किनारे रेत का ढेर लगाने और जेसीबी मशीन, डंपर सहित अन्य भारी वाहन खड़े किए जाने से रहवासियों एवं मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नवरात्रि के पावन पर्व पर मंदिर में दर्शन करने जाने वाले महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों के लिए रास्ते से निकलना मुश्किल हो रहा है। इसे लेकर स्थानीय रहवासियों ने नाराजगी जताते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।
सड़क पर रेत और भारी वाहनों से आवागमन प्रभावित
स्थानीय रहवासियों के अनुसार, उमंग साहू के मकान के सामने सड़क पर रेत का ढेर लगा हुआ है। इसके अलावा जेसीबी मशीन, डंपर और अन्य भारी वाहन खड़े किए जाने से आवागमन का रास्ता बाधित हो रहा है। इससे कॉलोनी के लोगों के साथ मंदिर आने-जाने वाले श्रद्धालुओं को भी परेशानी उठानी पड़ रही है।
रहवासियों का आरोप है कि मकान में रहने वाले मजदूरों द्वारा खाने-पीने का सामान सड़क पर फेंके जाने से गंदगी फैल रही है। सुबह भगवान को जल चढ़ाने और दर्शन करने मंदिर जाने वाली महिलाओं को भी इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। ऐसे में श्रद्धालुओं को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
आस्था के मार्ग पर अव्यवस्था, जिम्मेदारों से कार्रवाई की अपेक्षा
नवरात्रि के दौरान बड़ी संख्या में श्रद्धालु मंदिरों में दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए पहुंचते हैं। ऐसे समय में मंदिर जाने वाले रास्ते पर रेत का ढेर, भारी मशीनें और वाहन खड़े होने से लोगों की परेशानी बढ़ना चिंता का विषय है। स्थानीय रहवासियों का कहना है कि धार्मिक आस्था से जुड़े मार्गों पर आवागमन सुचारु रहना चाहिए, ताकि महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
कलेक्टर और नगर पालिका से हस्तक्षेप की मांग
रिवर व्यू कॉलोनी के रहवासियों ने जिला प्रशासन, कलेक्टर, तहसीलदार एवं नगर पालिका से मामले का संज्ञान लेकर मौके का निरीक्षण कराने की मांग की है। रहवासियों की मांग है कि सड़क पर रखी रेत, खड़ी भारी मशीनों और वाहनों के संबंध में नियमानुसार कार्रवाई की जाए। साथ ही सड़क पर गंदगी फैलाने की समस्या का भी निराकरण कराया जाए, जिससे कॉलोनीवासियों और मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को राहत मिल सके।
अब देखना यह होगा कि नवरात्रि के पावन पर्व पर श्रद्धालुओं की परेशानी दूर करने और आवागमन सुचारु बनाने के लिए संबंधित अधिकारी कब तक कदम उठाते हैं।

 

Spread the love