नर्मदापुरम संवाददाता–
विश्व रक्तदान दिवस के उपलक्ष्य में रेड क्रॉस सोसाइटी एवं दवा विक्रेता संघ नर्मदापुरम के संयुक्त तत्वावधान में जिला चिकित्सालय स्थित ब्लड बैंक में रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य लोगों में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद मरीजों के लिए रक्त की उपलब्धता सुनिश्चित करने में सहयोग प्रदान करना रहा।कार्यक्रम में रेड क्रॉस सोसाइटी प्रभारी शेर सिंह बड़कुर, दवा विक्रेता संघ अध्यक्ष राजेश गुप्ता, सचिव महावीर जैन, उपाध्यक्ष संजय व्यास, कोषाध्यक्ष अमित चन्द्रायण, कार्यकारिणी सदस्य मोहित चौकसे एवं यश शर्मा सहित दवा विक्रेता संघ के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।शिविर के दौरान दवा विक्रेता संघ के सदस्यों ने रक्तदान की शपथ लेते हुए जरूरतमंदों की सहायता के लिए स्वेच्छा से रक्तदान किया। उपस्थित सदस्यों ने कहा कि रक्तदान एक सामाजिक जिम्मेदारी है और स्वस्थ व्यक्ति द्वारा किया गया रक्तदान किसी जरूरतमंद के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।आयोजकों ने आमजन से भी रक्तदान के लिए आगे आने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि रक्त किसी फैक्ट्री में तैयार नहीं किया जा सकता, इसलिए इसकी उपलब्धता पूरी तरह स्वैच्छिक रक्तदाताओं पर निर्भर करती है। नियमित रक्तदान से अस्पतालों में उपचाररत मरीजों, दुर्घटना पीड़ितों एवं अन्य जरूरतमंदों को समय पर रक्त उपलब्ध कराने में मदद मिलती है।शिविर के माध्यम से दवा विक्रेता संघ के सदस्यों ने सामाजिक सेवा और जनहित के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का संदेश दिया। कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं एवं सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।
रेड क्रॉस सोसाइटी एवं दवा विक्रेता संघ ने लगाया रक्तदान शिविर

