हर्बल पार्क में मूर्ति विसर्जन के दौरान रहेगी विशेष यातायात व्यवस्था

                        नर्मदापुरम संवाददाता-

हर्बल पार्क स्थित नर्मदा घाट पर आयोजित होने वाले मूर्ति विसर्जन समारोह को दृष्टिगत रखते हुए जिला प्रशासन एवं यातायात पुलिस द्वारा श्रद्धालुओं की सुविधा और जनसुरक्षा के लिए विशेष यातायात व्यवस्था निर्धारित की गई है। पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से निर्धारित मार्गों, पार्किंग व्यवस्था और यातायात नियमों का पालन करने की अपील की है।
मूर्ति विसर्जन वाहनों के लिए निर्धारित प्रवेश मार्ग
1. मालाखेड़ी एवं माखन नगर मार्ग से आने वाले वाहन
मालाखेड़ी एवं माखन नगर मार्ग से आने वाले मूर्ति विसर्जन वाहन जेल तिराहा → पीपल चौक होते हुए निर्धारित मार्ग से आगे बढ़ेंगे।
2. अन्य मार्गों से आने वाले वाहन
अन्य मार्गों से आने वाले मूर्ति विसर्जन वाहन कोठी बाजार → पीपल तिराहा → कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार → दाहिनी ओर फॉरेस्ट ऑफिस → पुलिस अधीक्षक निवास के पीछे → हर्बल पार्क के सामने → कलेक्ट्रेट के पीछे से निर्धारित प्रवेश मार्ग → हर्बल पार्क नर्मदा घाट स्थित कृत्रिम विसर्जन कुंड तक पहुंचेंगे।
विसर्जन के बाद वापसी मार्ग
मूर्ति विसर्जन के उपरांत वाहनों की वापसी के लिए मार्ग निर्धारित किया गया है। वाहन हर्बल पार्क नर्मदा घाट → कलेक्ट्रेट का पिछला द्वार → कलेक्ट्रेट परिसर के अंदर से → कलेक्ट्रेट मुख्य द्वार होते हुए बाहर की ओर प्रस्थान करेंगे। इसके बाद वाहनों की आगे की वापसी निर्धारित आगमन मार्ग के अनुरूप रहेगी।
प्रवेश एवं वापसी मार्ग रहेगा एकांगी
कलेक्ट्रेट का मुख्य द्वार हर्बल पार्क से विसर्जन के बाद वापस आने वाले वाहनों के लिए एकांगी मार्ग रहेगा। इसी प्रकार मूर्ति विसर्जन के लिए निर्धारित प्रवेश मार्ग भी एकांगी रहेगा। इस मार्ग से केवल प्रवेश की अनुमति होगी तथा वापसी प्रतिबंधित रहेगी।
पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं वाहन चालकों से अपील की है कि मार्ग में लगाए गए यातायात संकेतकों तथा ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों के निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें।
निर्धारित स्थल पर ही होगी पार्किंग
मूर्ति विसर्जन के लिए आने वाले वाहनों की पार्किंग व्यवस्था हर्बल पार्क नर्मदा कुंड के पास पुलिस टेंट के पीछे की गई है। मूर्ति विसर्जन वाहनों की संख्या अधिक होने तथा नर्मदा तट स्थित पार्किंग स्थल की सीमित क्षमता को देखते हुए श्रद्धालुओं से अपील की गई है कि वे व्यक्तिगत वाहन लाने के स्थान पर सामूहिक वाहनों में मूर्तियां लेकर आएं।
यदि किसी कारणवश व्यक्तिगत वाहन से मूर्ति लाना आवश्यक हो, तो वाहन को घाट क्षेत्र में अनावश्यक रूप से अधिक समय तक खड़ा न रखें, ताकि अन्य श्रद्धालुओं एवं वाहनों के आवागमन में असुविधा न हो।
कृत्रिम विसर्जन कुंड में ही करें विसर्जन
जनसुरक्षा एवं नर्मदा नदी की स्वच्छता को ध्यान में रखते हुए हर्बल पार्क नर्मदा घाट पर मां नर्मदा के जल से निर्मित कृत्रिम विसर्जन कुंड की व्यवस्था की गई है। पुलिस एवं प्रशासन ने सभी श्रद्धालुओं से विनम्र अपील की है कि वे मूर्तियों का विसर्जन हर्बल पार्क स्थित निर्धारित कृत्रिम कुंड में ही करें।नर्मदापुरम पुलिस की अपीलनर्मदापुरम पुलिस ने श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों से निर्धारित प्रवेश मार्ग, वापसी मार्ग, पार्किंग व्यवस्था एवं विसर्जन संबंधी निर्देशों का पालन करते हुए प्रशासन एवं पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।
पुलिस ने कहा कि सभी के सहयोग से मूर्ति विसर्जन समारोह को सुरक्षित, सुगम, सुव्यवस्थित एवं गरिमामय रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।

Spread the love