
नर्मदापुरम संवाददाता-
23 सितंबर 2026 को आयोजित होने वाले आयुर्वेद दिवस के पूर्व आयुष विभाग, नर्मदापुरम द्वारा जिले में विभिन्न जन-जागरूकता एवं स्वास्थ्य संबंधी गतिविधियों का आयोजन किया जा रहा है। विभागीय स्तर पर आयुष चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ द्वारा नागरिकों को आयुर्वेद की उपयोगिता, रोगों की रोकथाम, स्वस्थ जीवनशैली, संतुलित आहार-विहार, योग एवं आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
आयुष विभाग नर्मदापुरम के आयुर्वेद दिवस नोडल अधिकारी एवं विशेषज्ञ आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. ए.के. पुष्कर ने बताया कि जिला आयुष अधिकारी डॉ. एस.आर. करोंजिया के निर्देशन में आयुर्वेद दिवस के अवसर पर 23 सितंबर को आयुष विंग (आयुर्वेद), जिला चिकित्सालय परिसर में आयुर्वेद चिकित्सा शिविर आयोजित किया जाएगा।
शिविर में आमजन को आयुर्वेद विशेषज्ञों द्वारा स्वास्थ्य संबंधी परामर्श दिया जाएगा। आवश्यकता के अनुसार विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के लिए आयुर्वेदिक चिकित्सा, औषधियों के संबंध में जानकारी एवं उपचार संबंधी परामर्श भी उपलब्ध कराया जाएगा। विभाग का उद्देश्य अधिक से अधिक लोगों को आयुर्वेद की पारंपरिक एवं चिकित्सकीय उपयोगिता से अवगत कराना है।
डॉ. पुष्कर ने बताया कि आयुर्वेद दिवस का उद्देश्य आयुर्वेद की वैज्ञानिक एवं चिकित्सकीय उपयोगिता को जन-जन तक पहुंचाना है। साथ ही लोगों को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और रोगों की रोकथाम के लिए आयुर्वेद के सिद्धांतों को दैनिक जीवन में शामिल करने के लिए प्रेरित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि आयुर्वेद में व्यक्ति की प्रकृति एवं आयु के अनुरूप व्यक्तिगत उपचार (Personalised Treatment) को भी महत्व दिया जाता है।
आयुष विभाग द्वारा नागरिकों से अपील की गई है कि वे आयुर्वेद दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले चिकित्सा शिविर का लाभ लें तथा स्वस्थ जीवनशैली के लिए आयुर्वेद एवं योग को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाएं।
