आदिवासी क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री से ग्रामीण परेशान, थाने पहुंचकर सौंपा ज्ञापन सैकड़ों महिला-पुरुषों ने की शराब बिक्री तत्काल बंद कराने की मांग

                नर्मदापुरम संवाददाता-

माखन नगर विकासखंड के आदिवासी अंचल में कथित रूप से हो रही अवैध शराब बिक्री को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी बढ़ती जा रही है। मंगलवार को ग्राम खूंटिया सहित आसपास के गांवों के सैकड़ों आदिवासी महिला-पुरुष माखन नगर थाने पहुंचे और जिला आबकारी विभाग के नाम ज्ञापन सौंपकर अवैध शराब की बिक्री पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।ग्रामीणों का आरोप है कि ग्राम खूंटिया और आसपास के क्षेत्रों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। शराब की बिक्री के चलते क्षेत्र में असामाजिक तत्वों का जमावड़ा बना रहता है और आए दिन विवाद एवं लड़ाई-झगड़े की स्थिति उत्पन्न होती है। ग्रामीणों का कहना है कि इसका सीधा असर उनके परिवारों और बच्चों पर पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र में अवैध शराब बिक्री के ठिकानों की जांच कर कार्रवाई की जाए और इस गतिविधि पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाई जाए। उनका कहना है कि गांवों में अवैध शराब का कारोबार लगातार बढ़ने से सामाजिक वातावरण प्रभावित हो रहा है।हाल ही में सागर जिले के बंडा क्षेत्र में जहरीली शराब पीने से लोगों की मौत की घटना के बाद ग्रामीणों में भी अवैध और मिलावटी शराब को लेकर चिंता बढ़ी है। इसी को देखते हुए अब ग्रामीण प्रशासन से अवैध शराब के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते अवैध शराब बिक्री पर अंकुश नहीं लगाया गया तो आने वाले समय में स्थिति और गंभीर हो सकती है। उन्होंने आबकारी विभाग एवं पुलिस प्रशासन से नियमित निगरानी और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।

 

Spread the love