विशेष अभियान में नर्मदापुरम पुलिस की सख्त कार्रवाई, दो दिनों में 375 वाहनों पर चालान

            [नर्मदापुरम संवाददाता]

जिले में यातायात नियमों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए नर्मदापुरम पुलिस का विशेष प्रवर्तन अभियान लगातार जारी है। पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार 1 से 10 अगस्त तक चल रहे अभियान के तहत दूसरे दिन भी प्रमुख मार्गों और चौराहों पर सघन वाहन जांच की गई।अभियान के दूसरे दिन 180 वाहनों पर चालानी कार्रवाई करते हुए ₹82,400 का जुर्माना वसूला गया। पहले दो दिनों में कुल 375 वाहनों पर कार्रवाई कर ₹1,64,200 का समन शुल्क वसूला जा चुका है।जांच के दौरान निजी वाहनों में लगे अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, शासकीय एवं वीआईपी स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट तथा ब्लैक फिल्म की विशेष जांच की गई। इस दौरान ब्लैक फिल्म लगे 36 वाहनों तथा गलत नंबर प्लेट, अनधिकृत पदनाम और एचएसआरपी नंबर प्लेट संबंधी 78 मामलों में वैधानिक कार्रवाई की गई। इसके अलावा अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान किए गए।यह विशेष अभियान पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्ण एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। पुलिस का उद्देश्य सड़क सुरक्षा को मजबूत करना, यातायात व्यवस्था को अनुशासित बनाना तथा कानून के समक्ष सभी नागरिकों के लिए समानता सुनिश्चित करना है।नर्मदापुरम पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, वीआईपी अथवा शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट और ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 10 अगस्त तक अभियान के दौरान नियमों का उल्लंघन मिलने पर बिना किसी भेदभाव के सख्त वैधानिक कार्रवाई जारी रहेगी।

Spread the love