
(नर्मदापुरम संवाददाता)
जिले के बहुचर्चित डेरा सच्चा सौदा जमीन फर्जीवाड़ा प्रकरण में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा के निर्देशन, एसडीओपी जितेंद्र पाठक के मार्गदर्शन तथा सिटी कोतवाली थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में पुलिस टीम ने करीब एक वर्ष से फरार चल रहे आरोपी अधिवक्ता सुशील गोयल के पुत्र दिव्यांश गोयल को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से माननीय न्यायालय ने उसे दो दिन के पुलिस रिमांड (पीआर) पर भेज दिया है। पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर मामले से जुड़े अन्य तथ्यों और संभावित आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
सूत्रों के अनुसार, इस बहुचर्चित मामले में पुलिस के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती प्रतिरूपित एवं छद्म व्यक्ति ओमप्रकाश बरेठा की तलाश करना है, जिसकी भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस की कार्रवाई के बाद पूरे जिले में हड़कंप मच गया है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और पूछताछ के आधार पर आगे और भी महत्वपूर्ण खुलासे होने की संभावना है। यदि जांच में अन्य लोगों की संलिप्तता सामने आती है तो उनके विरुद्ध भी नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
