
जिला अधिवक्ता संघ, नर्मदापुरम के वरिष्ठ एवं प्रतिष्ठित अधिवक्ता एस. एस. ठाकुर का आज प्रातः लगभग 11 बजे निधन हो गया। उनके निधन से विधि जगत, सामाजिक क्षेत्र एवं अधिवक्ता समुदाय में गहरा शोक व्याप्त है। उनके निधन को नर्मदापुरम की न्यायिक परंपरा के एक स्वर्णिम अध्याय के अवसान के रूप में देखा जा रहा है।
श्री ठाकुर ने लगभग 60 वर्षों तक निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ वकालत की। उल्लेखनीय है कि वे अपने जीवन के अंतिम दिन तक सक्रिय रहे। गुरुवार को भी वे नियमित रूप से न्यायालय पहुँचे, जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग किया और साथी अधिवक्ताओं से आत्मीय मुलाकात की। आज प्रातः उनके निधन का समाचार मिलते ही न्यायालय परिसर सहित पूरे अधिवक्ता समाज में शोक की लहर दौड़ गई।
वे अपनी समयनिष्ठा, निष्पक्ष कार्यशैली, सरल स्वभाव और आत्मीय व्यवहार के लिए अधिवक्ताओं एवं आमजन के बीच अत्यंत सम्मानित थे। उन्होंने वकालत को केवल व्यवसाय नहीं, बल्कि न्याय की सेवा और समाज के प्रति दायित्व के रूप में निभाया। उनका व्यक्तित्व और कार्यशैली नई पीढ़ी के अधिवक्ताओं के लिए सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे।
अंतिम संस्कार शुक्रवार, 17 जुलाई 2026 को प्रातः 9:30 बजे राजघाट, नर्मदापुरम में किया जाएगा।
श्री ठाकुर के निधन पर अधिवक्ताओं, सामाजिक संगठनों एवं शुभचिंतकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय दुःख को सहन करने की शक्ति प्रदान करने की ईश्वर से प्रार्थना की।
