नर्मदापुरम में स्कूल बसों की सुरक्षा पर विशेष अभियान शुरू, 10 दिन होगी सघन जांच

नर्मदापुरम संवाददाता-

स्कूली बच्चों की सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस ने बुधवार से 10 दिवसीय विशेष स्कूल बस चेकिंग अभियान की शुरुआत कर दी है। यह अभियान 08 जुलाई से 17 जुलाई 2026 तक जिले के सभी थाना क्षेत्रों एवं यातायात पुलिस द्वारा संयुक्त रूप से चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य स्कूल बसों में सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित करना और विद्यार्थियों को सुरक्षित परिवहन उपलब्ध कराना है।
पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के नेतृत्व में संचालित इस अभियान के दौरान स्कूल बसों की तकनीकी एवं सुरक्षा संबंधी व्यवस्थाओं की गहन जांच की जाएगी। बसों के फिटनेस प्रमाणपत्र, परमिट, बीमा, प्रदूषण प्रमाणपत्र (पीयूसी), आपातकालीन द्वार, प्राथमिक उपचार पेटी, अग्निशमन यंत्र, स्पीड गवर्नर, सीसीटीवी कैमरे, जीपीएस सिस्टम तथा चालक के वैध ड्राइविंग लाइसेंस सहित सभी आवश्यक सुरक्षा मानकों का परीक्षण किया जाएगा। साथ ही सर्वोच्च न्यायालय एवं शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के पालन की भी जांच होगी।अभियान के दौरान ओवरलोडिंग, तेज गति से वाहन चलाना, नशे की हालत में ड्राइविंग, मोबाइल फोन का उपयोग, यातायात नियमों का उल्लंघन और अन्य सुरक्षा संबंधी लापरवाही पर विशेष नजर रखी जाएगी। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन संचालकों के विरुद्ध मोटरयान अधिनियम के तहत सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्णा एस. थोटा ने सभी विद्यालय प्रबंधन, बस संचालकों एवं वाहन चालकों से अपील की है कि वे बच्चों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए सभी निर्धारित सुरक्षा मानकों का पूरी जिम्मेदारी से पालन करें। वहीं अभिभावकों से भी आग्रह किया गया है कि यदि किसी स्कूल बस में सुरक्षा संबंधी कोई कमी दिखाई दे तो इसकी सूचना तत्काल स्थानीय थाना या यातायात पुलिस को दें।नर्मदापुरम पुलिस का कहना है कि इस अभियान का मुख्य उद्देश्य दंडात्मक कार्रवाई नहीं, बल्कि जन-जागरूकता बढ़ाकर सुरक्षित एवं व्यवस्थित स्कूल परिवहन व्यवस्था सुनिश्चित करना है, ताकि जिले का प्रत्येक विद्यार्थी प्रतिदिन सुरक्षित विद्यालय पहुंचे और सकुशल अपने घर लौट सके।

Spread the love