खाली पंडाल में सोते रहे कर्मचारी, आम प्रदर्शनी बनी फ्लॉप शो

नर्मदापुरम- जिला मुख्यालय पर पहली बार आयोजित की गई जिला स्तरीय आम प्रदर्शनी उद्यानिकी विभाग की लापरवाही और प्रचार-प्रसार के अभाव में फ्लॉप साबित हुई। सेठानी घाट स्थित तिलक भवन के सामने शनिवार को आयोजित इस प्रदर्शनी में करीब 140 से अधिक किस्मों के आम प्रदर्शित किए गए थे, लेकिन जनता की अनुपस्थिति ने पूरे आयोजन की गंभीरता पर सवाल खड़े कर दिए।सबसे चौंकाने वाली तस्वीर दोपहर में सामने आई, जब प्रदर्शनी स्थल पर विभागीय अधिकारी और कर्मचारी वीआईपी कुर्सियों पर बैठे तथा सामने रखी टेबल पर पैर रखकर आराम करते नजर आए। जिस आयोजन का उद्देश्य किसानों की मेहनत और जिले में उत्पादित आम की विविधता को जनता तक पहुंचाना था, वह महज औपचारिकता बनकर रह गया।
उल्लेखनीय है कि आम प्रदर्शनी का आयोजन पूर्व में पचमढ़ी में किया जाता रहा है। इस बार पहली बार इसे नर्मदापुरम में आयोजित किया गया था ताकि स्थानीय नागरिक जिले की आम संपदा से परिचित हो सकें। प्रदर्शनी में विभिन्न प्रजातियों के आम आकर्षक ढंग से सजाए गए थे, लेकिन पर्याप्त प्रचार-प्रसार नहीं होने से अधिकांश लोगों को आयोजन की जानकारी ही नहीं मिल सकी।सुबह कलेक्टर एवं अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में प्रदर्शनी का शुभारंभ हुआ, लेकिन उनके जाने के बाद स्थल पर सन्नाटा छा गया। न दर्शक पहुंचे और न ही किसानों से संवाद की कोई प्रभावी व्यवस्था दिखाई दी। स्थानीय स्तर पर न मुनादी कराई गई और न ही व्यापक प्रचार अभियान चलाया गया।
प्रदर्शनी में रखी गई कुछ आम किस्मों को लेकर यह चर्चा भी रही कि उन्हें पड़ोसी जिलों से मंगाया गया था। यदि ऐसा है तो विभाग को इस संबंध में स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए। लाखों रुपये खर्च कर आयोजित यह कार्यक्रम अपने मूल उद्देश्य से भटकता नजर आया और विभागीय जवाबदेही पर गंभीर प्रश्न खड़े कर गया।

Spread the love