रिवर व्यू कॉलोनी में आधी रात के बाद अवैध रेत परिवहन के आरोप, रहवासी परेशान

नर्मदापुरम की रिवर व्यू कॉलोनी फेज-1 और फेज-2 में देर रात अवैध रेत परिवहन को लेकर रहवासियों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कॉलोनी में निर्माणाधीन मकानों के लिए रात करीब 12 बजे के बाद 16 चक्का ट्रकों के माध्यम से रेत लाई जा रही है। यह भी कहा जा रहा है कि रेत बिना रॉयल्टी के लाई जा रही है और नो-एंट्री के नियमों का उल्लंघन करते हुए ट्रकों को कॉलोनी में प्रवेश दिया जा रहा है।रहवासियों के अनुसार, रात करीब 2 बजे रेत से भरे ट्रक कॉलोनी में पहुंचते हैं और गेट पर तैनात गार्ड से कथित मिलीभगत या लेन-देन के बाद उन्हें अंदर जाने दिया जाता है। इसके बाद ट्रक सीधे निर्माण स्थलों तक पहुंचकर रेत खाली करते हैं। यह सिलसिला रोजाना चलने का दावा किया जा रहा है, जिससे कॉलोनी के लोग काफी परेशान हैं।स्थानीय लोगों ने सुरक्षा को लेकर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि देर रात ट्रक चालक या उनसे जुड़े लोग घरों के दरवाजे खटखटाकर बाहर खड़े वाहनों को हटाने के लिए कहते हैं, ताकि ट्रकों को रास्ता मिल सके। रात के समय इस तरह दरवाजा खटखटाना विशेषकर महिलाओं और परिवारों के लिए भय का कारण बन रहा है।रहवासियों का यह भी आरोप है कि कॉलोनी में बन रहे मकानों के कुछ ठेकेदार और मकान मालिक अवैध रेत सप्लाई करने वालों से मिलीभगत कर बिना रॉयल्टी रेत मंगवा रहे हैं। कॉलोनी में एसडीएम, पुलिस अधिकारी और न्यायाधीशों के निवास होने के बावजूद इस तरह की गतिविधियां चिंता का विषय बनी हुई हैं।मामले को लेकर जागरूक नागरिकों ने कलेक्टर, पुलिस अधीक्षक और जिला परिवहन अधिकारी से शिकायत करने की बात कही है। उन्होंने मांग की है कि देर रात हो रहे अवैध रेत परिवहन, नो-एंट्री उल्लंघन और बिना रॉयल्टी रेत सप्लाई की जांच कर दोषियों पर सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि कॉलोनी में सुरक्षा और शांति बनी रह सके।

Spread the love