
अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर मालाखेड़ी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में कल्चरल फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा एक गरिमामयी कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर समाज के निर्माण में अहम भूमिका निभाने वाले श्रमिकों का भव्य सम्मान किया गया। कार्यक्रम में प्रखर समाजसेवी मधुसूदन यादव मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।समारोह की शुरुआत कॉलोनी के विकास में योगदान देने वाले श्रमिकों के पुष्पमालाओं से स्वागत के साथ हुई। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं सोसाइटी के सदस्यों ने श्रमिकों को शाल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान चंद्र प्रकाश लुटारे, अनिल लुटारे, मंगल राजपूत और अभिनेश दुबे को स्मृति चिन्ह देकर विशेष रूप से सम्मानित किया गया।अपने ओजस्वी उद्बोधन में मधुसूदन यादव ने श्रमिकों की महत्ता पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मजदूर समाज का सबसे महत्वपूर्ण स्तंभ है। उनका पसीना ही राष्ट्र के विकास की नींव को मजबूत बनाता है। उन्होंने कहा कि सीमित संसाधनों और कम मजदूरी के बावजूद श्रमिक जिस निष्ठा और समर्पण के साथ अपने परिवार और देश की सेवा करते हैं, वह अत्यंत सराहनीय है। उन्होंने श्रमिकों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक रहने और किसी भी प्रकार के शोषण के खिलाफ आवाज उठाने का संदेश दिया।कार्यक्रम में कॉलोनी के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही, जिनमें राकेश परोनिया, अशोक पाठक, सेवाराम मालवीय, कृष्ण कुरपा, राकेश मालवीय, सुधीर लुटेरे, अंकुर बिल्लौरे, सुनील गुजरवार, शंकर लाल रघुवंशी, सुरेश उइके, शिव शंकर पगारे, संतोष शर्मा, के.एन. मोहब्बत, जमाल खान और लोकेश साहू शामिल रहे। महिला शक्ति की सक्रिय भागीदारी भी कार्यक्रम की सफलता का प्रमुख आधार रही।कार्यक्रम के अंत में मुख्य अतिथि ने आयोजन के लिए सोसाइटी और मातृशक्ति का आभार व्यक्त किया।
