सिवनी मालवा में कांग्रेस का विरोध प्रदर्शन, मंत्रियों के पुतले जलाकर इस्तीफे की मांग

सिवनी मालवा (पवन जाट)
नगर के गांधी चौक पर शुक्रवार दोपहर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के तीन मंत्रियों के खिलाफ जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए मंत्रियों के पुतले जलाए और उनके इस्तीफे की मांग की। प्रदर्शन का नेतृत्व नगर कांग्रेस और ब्लॉक कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने किया, जिसमें बड़ी संख्या में पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक शामिल हुए।कांग्रेस नेताओं ने बताया कि यह विरोध प्रदर्शन मध्य प्रदेश विधानसभा में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय द्वारा नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के खिलाफ की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के विरोध में किया गया। विधानसभा चर्चा के दौरान विजयवर्गीय द्वारा “औक़ात में रहो” जैसे शब्दों का प्रयोग किए जाने को कांग्रेस ने लोकतांत्रिक मर्यादा के खिलाफ बताया। नेताओं का कहना था कि संवैधानिक पद पर बैठे मंत्री द्वारा इस तरह की भाषा राजनीतिक शिष्टाचार के विपरीत है और लोकतंत्र की गरिमा को ठेस पहुंचाती है।प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, राजेंद्र शुक्ला और विजय शाह के खिलाफ नारे लगाए और तीनों मंत्रियों के पुतले जलाए। कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार गंभीर मामलों में जवाबदेही से बच रही है और जनहित के मुद्दों को नजरअंदाज कर रही है।ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र रघुवंशी ने कहा कि इंदौर के भागीरथपुरा क्षेत्र में दूषित पानी से हुई मौतों के मामले में मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए इस्तीफा देना चाहिए। वहीं, छिंदवाड़ा में जहरीली सिरप पीने से बच्चों की मौत के मामले में मंत्री राजेंद्र शुक्ला से भी इस्तीफे की मांग की गई।इसके अलावा विजय शाह द्वारा कर्नल सोफिया को लेकर दिए गए कथित बयान को लेकर भी कांग्रेस ने नाराजगी जताई। कांग्रेस नेताओं ने इसे देश की बेटी और सेना का अपमान बताया और कहा कि ऐसे बयान समाज में गलत संदेश देते हैं। उन्होंने सरकार से ऐसे मंत्रियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।प्रदर्शन में नगर कांग्रेस अध्यक्ष स्वदेश शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र रघुवंशी, युवक कांग्रेस नगर अध्यक्ष हैरिसन स्वामी, आकाश दार, मुकेश तंवर, पृथ्वीराज रघुवंशी, शेख साजिद, सावन यादव, हिमांशु मानिक, श्रेयांश वैष्णव, आयुष केवट, सुधीर चंद्रयान, रत्नेश रघुवंशी, बबलू रघुवंशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि मंत्रियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो आंदोलन को प्रदेशभर में और तेज किया जाएगा।

Spread the love