
( प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
मालाखेड़ी स्थित रिवर व्यू कॉलोनी में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस और रंग पंचमी के अवसर पर रिवर व्यू कल्चरल फाउंडेशन सोसाइटी द्वारा सम्मान समारोह और होली मिलन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि नगर पालिका सब इंजीनियर दीक्षा तिवारी ने महिलाओं की भूमिका पर अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राजनीति और नीति निर्माण में महिलाओं की भागीदारी केवल समानता का विषय नहीं है, बल्कि यह लोकतंत्र की मजबूती का आधार भी है।उन्होंने कहा कि महिला केवल एक व्यक्ति नहीं, बल्कि बेटी, बहन, पत्नी और मां के रूप में अनेक जिम्मेदारियां निभाते हुए परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में महत्वपूर्ण योगदान देती है। इसलिए महिलाओं की उपलब्धियों का सम्मान करना और उनके जीवन को बेहतर बनाने के लिए प्रयास करना हम सभी की जिम्मेदारी है।कार्यक्रम में कॉलोनीवासियों ने फूलों की होली खेलकर और एक-दूसरे को गुलाल लगाकर रंग पंचमी की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर कॉलोनी की वरिष्ठ मातृ शक्तियों और वरिष्ठ नागरिकों का पुष्प वर्षा कर सम्मान भी किया गया। महिला दिवस के उपलक्ष्य में उनकी सेवाओं और योगदान को याद करते हुए उन्हें सम्मानित किया गया। बच्चों ने राधा-कृष्ण के रूप में सुंदर प्रस्तुति देकर सभी का मन मोह लिया।कार्यक्रम में नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा और विशेष अतिथि छाया राबूदा ने भी अपने विचार व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि रिवर व्यू कॉलोनी के निवासी किसी मोहल्ले की तरह नहीं, बल्कि एक परिवार की तरह सभी धार्मिक और सामाजिक उत्सव मिल-जुलकर मनाते हैं, जो समाज के लिए प्रेरणादायक है।कार्यक्रम का संचालन समिति के सचिव अंकुर ‘बिल्लू’ रे ने किया। आयोजन में समिति के संरक्षक संतोष शर्मा, कोषाध्यक्ष पूर्णिमा त्रिपाठी, उपाध्यक्ष सरिता लुटारे और शिवशंकर पगारे की विशेष भूमिका रही। अंत में समिति की अध्यक्ष प्रीति खरे ने सभी उपस्थित रहवासियों और अतिथियों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कॉलोनीवासी मौजूद रहे।
