रिवर व्यू कॉलोनी में प्रबंधन की मनमानी से भड़के रहवासी, भीषण गर्मी में बिजली काटे जाने पर RERA और कलेक्टर से शिकायत की तैयारी

                (प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)

शहर की प्रतिष्ठित रिवर व्यू कॉलोनी इन दिनों कॉलोनी प्रबंधन की कथित मनमानी के कारण सुर्खियों में है। भीषण गर्मी के बीच कॉलोनी की सार्वजनिक बिजली व्यवस्था अचानक बंद कर दिए जाने से रहवासियों में भारी आक्रोश व्याप्त है। आरोप है कि कॉलोनी प्रबंधन ने बिना किसी पूर्व सूचना के सार्वजनिक उपयोग के विद्युत मीटर को हटा दिया, जिससे पूरी कॉलोनी की स्ट्रीट लाइट और अन्य आवश्यक सुविधाएं बाधित हो गईं। रहवासियों ने इस कदम को अमानवीय, तानाशाहीपूर्ण और दुर्भावनापूर्ण बताया है।
रहवासी समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि संबंधित मीटर का बिजली बिल पिछले तीन महीनों से IVRS नंबर के माध्यम से नियमित रूप से जमा किया जा रहा था, इसके बावजूद अचानक मीटर हटाया जाना समझ से परे है। समिति का कहना है कि नए मीटर के लिए आवेदन भी पहले ही किया जा चुका है, और उसकी प्रक्रिया जारी है। ऐसे में सार्वजनिक सुविधा बाधित करना स्पष्ट रूप से रहवासियों को परेशान करने की मंशा दर्शाता है।
कॉलोनी में अंधेरा छा जाने के कारण विशेष रूप से बुजुर्गों, महिलाओं और बच्चों की सुरक्षा पर खतरा मंडराने लगा है। सुबह-शाम टहलने वाले नागरिकों को दुर्घटना की आशंका सता रही है। रहवासियों का कहना है कि कॉलोनी में पूर्व अपर कलेक्टर, न्यायाधीश और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों जैसे सम्मानित नागरिक निवास करते हैं, फिर भी प्रबंधन का यह रवैया बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और संवेदनहीन है।इस घटना के बाद रहवासी समिति अब कानूनी और प्रशासनिक कार्रवाई की तैयारी में है। समिति ने निर्णय लिया है कि मामले की लिखित शिकायत कलेक्टर, कमिश्नर, एसडीएम तथा रेरा (RERA) को सौंपी जाएगी ताकि जिम्मेदार लोगों पर सख्त कार्रवाई हो सके। समिति का कहना है कि यदि समय रहते समस्या का समाधान नहीं हुआ तो आंदोलनात्मक कदम भी उठाए जाएंगे।
इस संबंध में विद्युत वितरण कंपनी, नर्मदापुरम के अधिकारी दीपक मिश्रा ने कहा, “1912 पर आधिकारिक शिकायत दर्ज करानी चाहिए। बिजली सप्लाई क्यों और किस कारण से बंद की गई है, इसकी जांच की जाएगी। विभाग के कर्मचारियों द्वारा मीटर निकाले जाने के कारणों का पता लगाकर ही आगे की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।”भीषण गर्मी में बिजली जैसी बुनियादी सुविधा बाधित होने से कॉलोनीवासियों का गुस्सा लगातार बढ़ता जा रहा है। अब सभी की नजर प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी है कि क्या जिम्मेदार प्रबंधन के खिलाफ कोई ठोस कदम उठाया जाएगा या रहवासियों को इसी तरह परेशानियों का सामना करना पड़ेगा।

Spread the love