
सिवनी मालवा (पवन जाट)
सिवनी मालवा तहसील के हथनापुर क्षेत्र में गुरुवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। कीर ढाबे के पास स्थित पुलिया के नीचे तीन युवकों के शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। सुबह ग्रामीणों ने पुलिया के नीचे एक टू-व्हीलर और तीन युवक पड़े देखे, जिसके बाद तत्काल डायल 112 पर सूचना दी गई।पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को बाहर निकालकर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवाया। मृतकों की पहचान नितिन रैकवार (26), राहुल जाट (35) और राकेश गौर (35) के रूप में हुई है। तीनों सिवनी मालवा के निवासी थे। नितिन और राहुल खेती-किसानी का कार्य करते थे, जबकि राकेश पेशे से ऑटो चालक था।प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि तीनों युवक देर रात बाइक से पुलिया पार कर रहे थे, इसी दौरान संतुलन बिगड़ने से पुलिया से नीचे गिर गए, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। पुलिया की ऊंचाई करीब आठ फीट है और वहां कोई सुरक्षा रेलिंग नहीं लगी है, जिससे हादसे का खतरा बढ़ जाता है।थाना प्रभारी सुधाकर बारस्कर ने बताया कि फिलहाल मामले को सड़क दुर्घटना माना जा रहा है। युवकों के नशे में होने या अन्य कारणों से हादसा होने की पुष्टि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।इधर ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि ग्वाड़ी, हथनापुर और चोतलाई सहित आसपास के कई गांवों में अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि शराब के नशे में वाहन चलाने से आए दिन छोटे-बड़े हादसे होते रहते हैं, लेकिन इस पर कोई ठोस कार्रवाई नहीं की जा रही है। लोगों ने प्रशासन से अवैध शराब कारोबार पर सख्त कार्रवाई करने की मांग की है।ग्राम पंचायत हथनापुर के सरपंच विनोद भिलाला ने भी प्रथम दृष्टया घटना को हादसा बताया है। पुलिस घटनास्थल का निरीक्षण कर रही है और आसपास के लोगों से पूछताछ जारी है। हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
