
suvni मालवा (पवन जाट)
नर्मदापुरम-हरदा स्टेट हाईवे पर सांवलखेड़ा के पास बुधवार सुबह करीब 10:15 बजे एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब मरीज को लेकर नर्मदापुरम जा रही एंबुलेंस में अचानक आग लग गई। घटना के बाद मौके पर कुछ देर के लिए अफरा-तफरी मच गई, लेकिन एंबुलेंस स्टाफ और पुलिस की तत्परता से मरीज को सुरक्षित बचा लिया गया।जानकारी के अनुसार, एंबुलेंस एक मरीज को ऑक्सीजन सपोर्ट पर लेकर नर्मदापुरम अस्पताल जा रही थी। तभी सांवलखेड़ा के पास चलते वाहन में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग लग गई। स्थिति गंभीर होती देख एंबुलेंस स्टाफ ने तुरंत वाहन रोककर मरीज को बाहर निकाला। साथ ही एंबुलेंस में रखे ऑक्सीजन सिलेंडर को भी सुरक्षित बाहर कर दिया गया, जिससे बड़ा विस्फोट होने की आशंका टल गई।घटना की सूचना मिलते ही डोलरिया से डायल 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची। थाना प्रभारी प्रवीण चौहान के निर्देशन में देहात थाने के प्रधान आरक्षक सुशील मिश्रा, आरक्षक अजय गुप्ता और हंड्रेड पायलट सुधीर उईके ने पास के पेट्रोल पंप से फायर एक्सटिंग्विशर मंगवाया। पुलिस टीम ने तत्परता दिखाते हुए आग पर काबू पा लिया।आग बुझाने के बाद पुलिस ने मरीज को सुरक्षित डायल 100 वाहन में शिफ्ट किया। इसके बाद तत्काल दूसरी 108 एंबुलेंस मौके पर बुलाई गई, जिसमें मरीज को सुरक्षित नर्मदापुरम अस्पताल रवाना किया गया।घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक आशंका के अनुसार आग शॉर्ट सर्किट या तकनीकी खराबी के कारण लगी हो सकती है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। स्थानीय लोगों ने पुलिस और एंबुलेंस स्टाफ की सूझबूझ की सराहना की है।
