
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
वर्ष 2026-27 के केंद्रीय बजट को लेकर आयोजित प्रेसवार्ता में सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि यह बजट विकसित भारत 2047 के संकल्पों को साकार करने वाला और देश की आर्थिक समृद्धि को नई दिशा देने वाला है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत 53.5 लाख करोड़ रुपये का यह बजट 140 करोड़ देशवासियों की आकांक्षाओं को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। यह पहला बजट है जो कर्तव्य भवन में तैयार किया गया, जो सबका साथ, सबका विकास की भावना को मजबूत करता है।सांसद शर्मा ने बताया कि बजट तीन प्रमुख स्तंभों पर आधारित है—उत्पादकता और प्रतिस्पर्धा के माध्यम से आर्थिक विकास, जन-आकांक्षाओं की पूर्ति एवं क्षमता निर्माण तथा समावेशी विकास। बजट में गरीब, किसान, युवा, महिलाएं, अनुसूचित जाति-जनजाति, उद्यमी, वरिष्ठ नागरिक और दिव्यांगजनों के लिए विशेष प्रावधान किए गए हैं।उन्होंने कहा कि इंफ्रास्ट्रक्चर विकास को गति देने के लिए 5 लाख से अधिक आबादी वाले द्वितीय और तृतीय श्रेणी शहरों के लिए 5 हजार करोड़ रुपये तथा धार्मिक नगरों के विकास हेतु भी 5 हजार करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। नगरीय निकायों को सशक्त बनाने के लिए म्यूनिसिपल बॉन्ड को बढ़ावा दिया गया है।महिला सशक्तिकरण पर विशेष जोर देते हुए शी-मार्ट की स्थापना, छात्राओं के लिए गर्ल्स हॉस्टल निर्माण हेतु 10 हजार करोड़ रुपये, महिला उद्यमियों के लिए एसएमई ग्रोथ फंड तथा लखपति दीदी योजना के विस्तार की घोषणा की गई है। युवाओं के लिए स्कूलों और कॉलेजों में प्रयोगशालाओं की स्थापना, स्टार्टअप और गेमिंग सेक्टर को बढ़ावा तथा खेलो इंडिया मिशन के विस्तार से रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे।कृषि क्षेत्र में एआई आधारित भारत विस्तार टूल, अमृत सरोवरों का निर्माण और पशुपालन में पूंजी सब्सिडी से किसानों को लाभ मिलेगा। स्वास्थ्य क्षेत्र के लिए 1.04 लाख करोड़ रुपये का प्रावधान किया गया है। सांसद आलोक शर्मा ने कहा कि यह बजट भारत को वैश्विक आर्थिक नेतृत्व की ओर ले जाएगा।
प्रेसवार्ता में भाजपा के अनेक पदाधिकारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
