अखिल भारतीय कायस्थ समाज ने लिया आस्था और स्वच्छता का संकल्प मातृशक्ति और पुरुषों ने चित्रगुप्त घाट पर किया श्रमदान, काई और गंदगी हटाकर दिया स्वच्छता का संदेश

  नर्मदापुरम संवाददाता-

मां नर्मदा के प्रति आस्था और उनकी स्वच्छता के संकल्प को साकार करने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति एवं पुरुषों ने चित्रगुप्त घाट पर विशेष स्वच्छता अभियान चलाया। इस दौरान समाजजनों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर घाट परिसर की सफाई की और आमजन को स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के दौरान घाट परिसर में फैले कचरे और गंदगी को एकत्रित कर डस्टबिन में डाला गया। वहीं श्रद्धालुओं के स्नान के लिए उपयोग की जाने वाली सीढ़ियों पर जमी काई को भी साफ किया गया, ताकि स्नान करने आने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी न हो और फिसलन के कारण होने वाली दुर्घटनाओं की आशंका कम हो सके। इसके साथ ही नर्मदा तट पर जमा घास-फूस एवं अन्य गंदगी को फावड़े और सफाई उपकरणों की मदद से हटाया गया।
समाजजनों ने अपने हाथों से सफाई कर यह संदेश दिया कि मां नर्मदा की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है।
नर्मदा की स्वच्छता हमारी सामूहिक जिम्मेदारी : राजेंद्र श्रीवास्तव
अखिल भारतीय कायस्थ समाज के जिलाध्यक्ष राजेंद्र श्रीवास्तव ने कहा कि मां नर्मदा हमारी आस्था, संस्कृति और जीवन का आधार हैं। उनकी स्वच्छता और पवित्रता बनाए रखना हम सभी का दायित्व है। हमारी जिम्मेदारी केवल पूजा-अर्चना और धार्मिक आयोजनों तक सीमित नहीं होनी चाहिए, बल्कि नर्मदा घाटों को स्वच्छ रखना भी हमारी प्राथमिकता होनी चाहिए।
नर्मदा संरक्षण के लिए जनभागीदारी जरूरी : प्रो. ईरा वर्मा
नर्मदा महाविद्यालय की प्रोफेसर ईरा वर्मा ने कहा कि नर्मदा केवल एक नदी नहीं, बल्कि हमारी सांस्कृतिक विरासत और जीवनदायिनी धरोहर हैं। उनके संरक्षण के लिए समाज के प्रत्येक वर्ग को अपनी जिम्मेदारी समझनी होगी। स्वच्छता अभियान तभी सफल होगा, जब लोग अपनी आदतों में बदलाव लाएंगे और नदी एवं घाटों पर गंदगी फैलाने से बचेंगे। उन्होंने कहा कि समाज की मातृशक्ति और पुरुषों द्वारा किया गया यह श्रमदान एक सकारात्मक पहल है, जो अन्य लोगों को भी स्वच्छता के लिए प्रेरित करेगा।
ये रहे उपस्थित: अभियान में नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, ज्योति वर्मा, राजेंद्र श्रीवास्तव, प्रो. ईरा वर्मा, केशव देव वर्मा, विजय वर्मा, प्रीति खरे, सीबी खरे, ममता तिवारी, सुमन वर्मा, अशोक वर्मा, सुनील राय, रितु श्रीवास्तव, ऋषिकेश श्रीवास्तव, मनोज वर्मा, आदित्य वर्मा, लालता प्रसाद, जानकी, गुनगुन सहित अनेक समाजजन उपस्थित रहे।

 

Spread the love