
नर्मदापुरम संवाददाता-
पर्यावरण संरक्षण के प्रति विद्यार्थियों में जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय रायपुर में ‘प्रखर ईको क्लब’ के तत्वावधान में ‘ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमा निर्माण कार्यशाला’ का आयोजन किया गया। कार्यशाला में विद्यालय के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लेते हुए मिट्टी से आकर्षक गणेश प्रतिमाओं का निर्माण किया।विद्यालय के प्राचार्य बी.पी. पठारिया ने विद्यार्थियों को पर्यावरण अनुकूल तरीके से त्योहार मनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि घर पर मिट्टी से निर्मित गणेश प्रतिमा स्थापित कर पूजा-अर्चना करें तथा विसर्जन के दौरान नदी और तालाबों को प्रदूषित करने से बचें। मिट्टी की प्रतिमाओं का विसर्जन घर में बाल्टी या बगीचे में किया जा सकता है, जिससे जलस्रोतों को प्रदूषण से बचाया जा सके।कार्यशाला में विद्यार्थियों को मिट्टी से गणेश प्रतिमा बनाने का प्रशिक्षण श्रीमती ममता कामले, श्रीमती रंजना दीक्षित एवं श्री संदीप रवादे द्वारा दिया गया। वहीं ईको क्लब प्रभारी श्रीमती सविता दुबे ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में ईको-फ्रेंडली गणेश प्रतिमाओं के महत्व की जानकारी दी।कार्यशाला के माध्यम से विद्यार्थियों ने जहां अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया, वहीं उनमें प्रकृति के प्रति जिम्मेदारी और पर्यावरण संरक्षण की भावना भी विकसित हुई। कार्यक्रम ने संदेश दिया कि परंपरा और आस्था के साथ पर्यावरण की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभाई जा सकती है।
