चार वर्षों से स्वच्छता का संकल्प निभा रहा कायस्थ समाज चित्रगुप्त घाट पर मातृशक्ति सहित सामाजिक बंधुओं ने चलाया सफाई अभियान, पर्यावरण संरक्षण के लिए पौधारोपण पर भी जोर

                 नर्मदापुरम संवाददाता-

अखिल भारतीय कायस्थ समाज की मातृशक्ति एवं सामाजिक बंधुओं द्वारा स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को लेकर निरंतर अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर समाज के महिला एवं पुरुष सदस्यों ने सफाई अभियान चलाकर घाट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों से कचरा और गंदगी हटाई तथा स्वच्छता का संदेश दिया।
अखिल भारतीय कायस्थ समाज द्वारा पिछले चार वर्षों से प्रत्येक रविवार को चित्रगुप्त घाट पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। समाजजनों का कहना है कि सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की स्वच्छता केवल प्रशासन की जिम्मेदारी नहीं है, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक को इसमें अपनी भागीदारी निभानी चाहिए।
रविवार को बारिश नहीं होने के कारण मातृशक्ति सहित पुरुष सदस्यों ने चित्रगुप्त घाट के किनारे, आसपास के कुंजों एवं तट क्षेत्र में जमा कचरे और गंदगी को साफ किया। अभियान के दौरान लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने और घाट परिसर में कचरा नहीं फैलाने का संदेश भी दिया गया। इस अवसर पर सीबी खरे, नगरपालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, ममता तिवारी, सुमन वर्मा, प्रीति खरे, मंजूला वर्मा, ज्योति वर्मा, प्रिया श्रीवास्तव, राजेंद्र श्रीवास्तव, रितु श्रीवास्तव, सुनील राय, विजय वर्मा, मनोज वर्मा, केशव देव वर्मा, अशोक वर्मा, माधव देव वर्मा, लालता प्रसाद सहित अनेक सामाजिक बंधु मौजूद रहे।
स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी जरूरी इस अवसर पर ऋषिकेश श्रीवास्तव ने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक व्यक्ति या संस्था की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक का दायित्व है। चित्रगुप्त घाट जैसे सार्वजनिक एवं धार्मिक स्थलों की नियमित सफाई से वातावरण स्वच्छ रहने के साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ती है।
उन्होंने कहा कि स्वच्छता के साथ पर्यावरण संरक्षण भी बेहद जरूरी है। इसी उद्देश्य से समाज द्वारा वर्षा ऋतु में पौधारोपण को भी अभियान का हिस्सा बनाया गया है। पौधारोपण के साथ पौधों के संरक्षण पर भी ध्यान दिया जा रहा है, ताकि आने वाली पीढ़ी को स्वच्छ, स्वस्थ और हरा-भरा वातावरण मिल सके।
कायस्थ समाज का यह चार वर्षों से लगातार चल रहा अभियान सामाजिक सहभागिता और पर्यावरण के प्रति जिम्मेदारी की मिसाल बन रहा है।

 

Spread the love