विश्व स्तनपान सप्ताह: फौजदार कॉलोनी रसूलिया में महिलाओं को स्तनपान और पौष्टिक आहार की दी गई जानकारी

नर्मदापुरम संवाददाता 

विश्व स्तनपान सप्ताह के अंतर्गत शहर सहित जिलेभर के आंगनबाड़ी केंद्रों पर विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में मंगलवार को रसूलिया स्थित आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 92, फौजदार कॉलोनी में सुपोषण दिवस एवं विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को स्तनपान के महत्व तथा पौष्टिक आहार के संबंध में जानकारी दी गई।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं को बताया गया कि जन्म के तुरंत बाद शिशु को मां का दूध पिलाना उसके स्वास्थ्य, रोग प्रतिरोधक क्षमता और समुचित विकास के लिए अत्यंत आवश्यक है। साथ ही गर्भवती एवं धात्री महिलाओं को संतुलित एवं पौष्टिक भोजन लेने की सलाह भी दी गई, जिससे मां और शिशु दोनों स्वस्थ रह सकें।
इस अवसर पर हितग्राही श्रीमती दीपिका मीना, श्रीमती सविता तिवारी एवं श्रीमती गणपति बाई उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता श्रीमती अनीता जाटव तथा सहायिका कुमारी शिवानी जाटव ने महिलाओं को शिशु के लालन-पालन, स्वच्छता, पोषण और स्तनपान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं। कार्यक्रम का उद्देश्य मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना और कुपोषण की रोकथाम करना रहा।

Spread the love