अवैध हूटर, ब्लैक फिल्म और फैंसी नंबर प्लेट पर पुलिस का शिकंजा, पहले ही दिन 195 वाहनों पर कार्रवाई

नर्मदापुरम संवाददाता

पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देशानुसार जिले में 1 से 10 अगस्त तक चलाए जा रहे विशेष यातायात प्रवर्तन अभियान के पहले ही दिन नर्मदापुरम पुलिस ने सख्त कार्रवाई करते हुए 195 वाहनों के चालान बनाए और कुल ₹81,800 का जुर्माना वसूला।
अभियान के तहत जिले के प्रमुख मार्गों, चौराहों एवं संवेदनशील स्थानों पर सघन वाहन जांच की गई। इस दौरान निजी वाहनों में अवैध रूप से लगाए गए हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, वीआईपी एवं शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध फैंसी नंबर प्लेट तथा चार पहिया वाहनों पर लगी ब्लैक फिल्म की विशेष जांच की गई। नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर संबंधित वाहन चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार जांच के दौरान अवैध हूटर लगे 1 वाहन, ब्लैक फिल्म लगे 25 वाहन, जबकि नियम विरुद्ध नंबर प्लेट, अनधिकृत पदनाम एवं एचएसआरपी नंबर प्लेट नहीं होने के 33 मामलों में कार्रवाई की गई। इसके अतिरिक्त अन्य यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों पर भी चालानी कार्रवाई की गई।
यह अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्ण एस. थोटा, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन तथा उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) संतोष मिश्रा के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान का उद्देश्य विशेषाधिकार का दुरुपयोग करने वाले वाहनों पर रोक लगाना, यातायात नियमों का प्रभावी पालन सुनिश्चित करना तथा सड़क सुरक्षा को मजबूत बनाना है।
अभियान के दौरान पुलिस अधिकारियों ने वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करते हुए स्वेच्छा से नियमों का पालन करने की अपील की। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि यह विशेष अभियान 10 अगस्त तक लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध बिना किसी भेदभाव के सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस की अपील:
नर्मदापुरम पुलिस ने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे अपने निजी वाहनों से अवैध हूटर, सायरन, फ्लैशर लाइट, वीआईपी अथवा शासकीय स्टिकर, पदनाम, मोनोग्राम, नियम विरुद्ध नंबर प्लेट एवं ब्लैक फिल्म तत्काल हटवा लें। यातायात नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कानूनी दायित्व होने के साथ-साथ सुरक्षित और सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था के लिए भी आवश्यक है।

Spread the love