एसपी ऑफिस के पास होटल बल्लभ विलास से प्रशासन ने हटाया अतिक्रमण, शासकीय भूमि कराई मुक्त वीआईपी रोड पर अवैध कब्जे और बेतरतीब पार्किंग से बाधित हो रही थी यातायात व्यवस्था

                      नर्मदापुरम संवाददाता-

शहर के अति-व्यस्त वीआईपी मार्ग टेलीफोन एक्सचेंज चौराहा, एसपी कार्यालय के समीप स्थित होटल बल्लभ विलास पर स्थानीय प्रशासन ने अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई करते हुए शासकीय भूमि को मुक्त कराया। होटल संचालक द्वारा कथित रूप से सरकारी भूमि पर अवैध पक्का निर्माण किए जाने के साथ ही पार्किंग की समुचित व्यवस्था नहीं होने के कारण मुख्य मार्ग पर रोजाना जाम की स्थिति बन रही थी।जानकारी के अनुसार, होटल संचालक द्वारा मुख्य सड़क से सटी लगभग 5 से 10 फीट शासकीय भूमि पर बिना कॉलम के सीधे पक्की दीवार बनाकर निर्माण किया जा रहा था। शिकायतों के बाद स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की और सरकारी भूमि को कब्जे से मुक्त कराया।पार्किंग व्यवस्था नहीं होने से बढ़ रही थी परेशानीहोटल परिसर में चार पहिया वाहनों की पार्किंग की पर्याप्त व्यवस्था नहीं होने के कारण होटल में आने वाले पर्यटक एवं अन्य लोग अपने वाहन मुख्य सड़क पर ही खड़े कर देते थे। इससे सड़क संकरी हो जाती थी और आम नागरिकों, पैदल यात्रियों तथा अन्य वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता था। कई बार दुर्घटना की आशंका भी बनी रहती थी।
स्कूलों की छुट्टी के समय लगता था लंबा जाम
गौरतलब है कि जिस मार्ग पर होटल स्थित है, वहीं पुलिस अधीक्षक कार्यालय के साथ आसपास तीन प्रमुख विद्यालय भी संचालित हैं। दोपहर में स्कूलों की छुट्टी के समय होटल के बाहर खड़े बेतरतीब वाहनों के कारण यातायात व्यवस्था पूरी तरह प्रभावित हो जाती थी। स्कूली बसें, वैन, अभिभावकों के वाहन तथा अन्य राहगीर लंबे समय तक जाम में फंसे रहते थे। स्थानीय लोगों की शिकायतों के बाद प्रशासन ने कार्रवाई करते हुए अतिक्रमण हटाकर यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने की दिशा में कदम उठाया।

Spread the love