
(नर्मदापुरम संवाददाता)
कोतवाली पुलिस ने घर का कुंदा तोड़कर ₹1.50 लाख की नकदी चोरी करने वाले आरोपी को त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पूरी राशि भी बरामद कर ली है।पुलिस अधीक्षक साईं कृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी (एसडीओपी) जितेन्द्र पाठक के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी कोतवाली निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला के नेतृत्व में संपत्ति संबंधी अपराधों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत यह सफलता मिली।पुलिस के अनुसार, फरियादी महेन्द्र कहार (30 वर्ष), निवासी कालिका नगर ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि अज्ञात व्यक्ति ने उसके घर के मुख्य गेट का कुंदा तोड़कर अंदर प्रवेश किया और ₹1.50 लाख नकद चोरी कर फरार हो गया। शिकायत पर थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 658/26 के तहत धारा 331(3) एवं 305(a) बीएनएस में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने संदेही सदानंद कहार को शैलजा कॉलोनी, नवीन जेल के पास से हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ में आरोपी ने चोरी की वारदात स्वीकार कर ली। उसकी निशानदेही पर किराये के मकान में लोहे की अलमारी में छिपाकर रखी गई चोरी की पूरी ₹1.50 लाख की नकदी बरामद कर ली गई।
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुन्देला, उपनिरीक्षक विशाल नागवे, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, संदीप शर्मा, आरक्षक पंकेश बघेला, अविनाशी हारोड़े, हरीश डिगरसे, राजकुमार कीर, रोहित चौकीकर, रामकुमार वर्मा एवं दीपेश सोलंकी की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
