
नर्मदा पुरम संवाददाता
कोतवाली पुलिस ने रिवर व्यू कॉलोनी स्थित एक सूने मकान में हुई लाखों रुपये की चोरी का महज 72 घंटे में खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लगभग ₹11 लाख मूल्य का चोरी गया मशरूका बरामद किया है, जिसमें 8 कंप्यूटर सिस्टम, 8 लैपटॉप, राडो कंपनी की महंगी कलाई घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ, इलेक्ट्रिक केतली, ट्रिमर सहित अन्य सामान शामिल है।पुलिस अधीक्षक साई कृष्णा एस. थोटा के मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन तथा एसडीओपी जितेंद्र पाठक के निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में इस कार्रवाई को अंजाम दिया गया।पुलिस के अनुसार, फरियादी कपिल शर्मा (36) निवासी रिवर व्यू कॉलोनी 5 जुलाई को घर में ताला लगाकर जयपुर गए थे। 7 जुलाई को लौटने पर घर का ताला टूटा मिला और 9 लैपटॉप, 10 कंप्यूटर सिस्टम, राडो कंपनी की घड़ी, एलईडी टीवी, आरओ सहित अन्य कीमती सामान चोरी हो चुका था। शिकायत पर कोतवाली थाने में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिर की सूचना और वैज्ञानिक अनुसंधान के आधार पर फरियादी के पुराने कार चालक वाजिद गुफरान सिद्दीकी से पूछताछ की। बैंक खातों और अन्य साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद आरोपी ने चोरी करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि चोरी का कुछ सामान इंदौर निवासी आफताब खान को बेच दिया था, जबकि शेष सामान अपने घर में छिपाकर रखा था।पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी गया अधिकांश सामान बरामद कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में वाजिद गुफरान सिद्दीकी निवासी जहांगीराबाद, भोपाल (वर्तमान पता अग्निहोत्री कॉलोनी, नर्मदापुरम) तथा आफताब खान निवासी खजराना, इंदौर शामिल हैं।इस कार्रवाई में थाना प्रभारी गौरव सिंह बुंदेला के नेतृत्व में उपनिरीक्षक संजय रघुवंशी, प्रधान आरक्षक रितेश यदुवंशी, आरक्षक पंकेश बघेला, अविनाशी हारोडे, अजमेश चंद्रोल, हरीश डिगरसे, भिक्कू यादव तथा साइबर सेल के आरक्षक दीपेश सोलंकी की सराहनीय भूमिका रही।पुलिस ने बताया कि इसी कार्रवाई के दौरान पिपरिया के स्टेशन रोड थाना क्षेत्र में महिला द्वारा बैग से ₹5,500 चोरी की घटना का भी खुलासा करते हुए आरोपित नैना पारधी को गिरफ्तार कर चोरी गई राशि बरामद की गई है।नर्मदापुरम पुलिस ने कहा कि आमजन की सुरक्षा और अपराध नियंत्रण के लिए लगातार प्रभावी कार्रवाई जारी रहेगी।
