तेजस्वी सम्मान से गौरवान्वित नर्मदापुरम: समाजसेवी प्रीति खरे और कायस्थ समाज की सेवा को मिला मंच पर सम्मान

सेवा, समर्पण और स्वच्छता के क्षेत्र में निरंतर कार्य कर रही समाजसेवी श्रीमती प्रीति खरे एवं अखिल भारतीय कायस्थ समाज को शुक्रवार को आयोजित ‘तेजस्वी सम्मान 2026’ समारोह में सम्मानित किया गया। पत्रिका समूह द्वारा स्थानीय सांई कृष्ण हिल व्यू रिजॉर्ट में आयोजित इस भव्य कार्यक्रम में समाजहित में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं और संस्थाओं को सम्मानित कर उनके प्रयासों को नई पहचान दी गई।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष एवं बैतूल विधायक श्री हेमंत खंडेलवाल रहे, जबकि अध्यक्षता पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं नर्मदापुरम विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथियों के रूप में राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया, भाजपा जिला अध्यक्ष प्रीति शुक्ला, नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती नीतू महेंद्र यादव, कलेक्टर सोमेश मिश्रा एवं पुलिस अधीक्षक सांई कृष्णा एस थोटा की गरिमामयी उपस्थिति ने समारोह को विशेष बना दिया।इस अवसर पर श्रीमती प्रीति खरे और अखिल भारतीय कायस्थ समाज को नर्मदा स्वच्छता अभियान में उनके सराहनीय योगदान के लिए प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। उल्लेखनीय है कि समाज द्वारा प्रत्येक रविवार को चित्रगुप्त घाट सहित नर्मदा के विभिन्न घाटों पर नियमित रूप से स्वच्छता अभियान चलाया जाता है, जिससे मां नर्मदा की स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण को नई दिशा मिल रही है।अतिथियों ने समाज की इस पहल की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए इसे अन्य संगठनों के लिए प्रेरणास्रोत बताया। कार्यक्रम में पत्रिका परिवार की ओर से संपादक अवस्थी, यूनिट हेड राकेश यादव एवं प्रशांत दुबे ने अतिथियों का स्वागत किया। समारोह में सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजू श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता और प्रबुद्ध महिलाएं उपस्थित रहीं।प्रदेश अध्यक्ष श्री खंडेलवाल, विधायक डॉ. शर्मा, पुलिस अधीक्षक, सांसद माया नारोलिया एवं भाजपा जिला अध्यक्ष सहित सभी गणमान्य अतिथियों ने श्रीमती प्रीति खरे को सम्मानित कर उनके सेवा कार्यों की भूरि-भूरि प्रशंसा की, जिससे पूरा वातावरण गौरव और प्रेरणा से भर उठा।

Spread the love