हेलमेट अभियान शुरू: बिना हेलमेट चालकों पर सख्ती, लाइसेंस निलंबन की भी होगी कार्रवाई

जिले में सड़क दुर्घटनाओं में बढ़ती मौतों को कम करने के उद्देश्य से नर्मदापुरम पुलिस ने 26 अप्रैल से 10 मई तक विशेष हेलमेट अभियान शुरू किया है। यह अभियान पुलिस अधीक्षक साईंकृष्णा एस थोटा और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के नेतृत्व में संचालित किया जा रहा है। अभियान के तहत बिना हेलमेट दोपहिया वाहन चलाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी, जिसमें जुर्माने के साथ ड्राइविंग लाइसेंस निलंबन भी शामिल है।
पुलिस के अनुसार, जिले में हेलमेट न पहनने की प्रवृत्ति अधिक होने के कारण सड़क दुर्घटनाओं में सिर की चोट से मृत्यु के मामले चिंताजनक हैं। दोपहिया दुर्घटनाओं में हेड इंजरी मौत का प्रमुख कारण बन रही है। सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय और विश्व स्वास्थ्य संगठन की रिपोर्ट के अनुसार, हेलमेट पहनने से मृत्यु का खतरा लगभग 42 प्रतिशत तक कम हो सकता है, जबकि गंभीर सिर की चोट का जोखिम 69 प्रतिशत तक घटता है।
अभियान के दौरान थाना स्तर पर जनजागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे, ताकि लोगों को हेलमेट के महत्व के प्रति जागरूक किया जा सके। उल्लेखनीय है कि वर्ष 2025 में नर्मदापुरम पुलिस ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों से 17 लाख रुपये से अधिक का जुर्माना वसूला था।पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए हेलमेट अवश्य पहनें। पुलिस का संदेश है कि “हेलमेट कोई बोझ नहीं, बल्कि जीवन का सुरक्षा कवच है।”

Spread the love