ग्राम रेहड़ा में पोषण पखवाड़ा | महिलाओं को दी स्वास्थ्य की सीख |

सिवनी मालवा (पवन जाट)

ग्राम रेहड़ा में पोषण पखवाड़ा कार्यक्रम के अंतर्गत आज आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 1 एवं 2 द्वारा संयुक्त रूप से जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में ग्राम पंचायत रेहड़ा की सरपंच श्रीमती सुगना बाई भिलाला एवं महिला बाल विकास विभाग की पर्यवेक्षक श्रीमती मीनाक्षी लोवंशी मुख्य रूप से उपस्थित रहीं। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्वलन, मां सरस्वती के पूजन एवं माल्यार्पण के साथ किया गया।इस अवसर पर पर्यवेक्षक श्रीमती मीनाक्षी लोवंशी ने बताया कि भारत सरकार द्वारा 9 अप्रैल से 23 अप्रैल 2026 तक आठवां पोषण पखवाड़ा मनाया जा रहा है। इस अभियान का उद्देश्य गर्भवती महिलाओं, धात्री माताओं, किशोरियों एवं बच्चों को संतुलित आहार और बेहतर स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना है।उन्होंने उपस्थित गर्भवती महिलाओं को जंक फूड, तले-भुने खाद्य पदार्थों तथा पैक बंद खाद्य सामग्री के अधिक सेवन से होने वाले नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही घर में उपलब्ध अनाज, दाल, हरी सब्जियों, दूध, फल एवं पौष्टिक खाद्य पदार्थों को भोजन में शामिल करने की सलाह दी गई।कार्यक्रम में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने घर पर उपलब्ध सामग्री से तैयार पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया। महिलाओं को बताया गया कि कम खर्च में भी पौष्टिक भोजन तैयार कर परिवार के स्वास्थ्य को बेहतर बनाया जा सकता है। बच्चों के शारीरिक और मानसिक विकास में संतुलित आहार की महत्वपूर्ण भूमिका पर भी चर्चा की गई।कार्यक्रम में बड़ी संख्या में गर्भवती महिलाएं, माताएं, ग्रामीणजन एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित रहे। ग्रामवासियों ने ऐसे आयोजनों को समाज के लिए उपयोगी बताते हुए नियमित रूप से आयोजित करने की मांग की।

Spread the love