
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
जिला स्तरीय पुस्तक मेले के अंतिम दिन बच्चों एवं अभिभावकों की भारी भीड़ देखने को मिली, जिससे पूरे आयोजन स्थल पर उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। जिला प्रशासन द्वारा शासकीय एसएनजी उच्चतर माध्यमिक विद्यालय नर्मदापुरम में 2, 3 एवं 4 अप्रैल को आयोजित इस पुस्तक मेले में विद्यार्थियों और अभिभावकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। मेले में शैक्षणिक सामग्री, स्टेशनरी, पुस्तकें तथा स्कूल यूनिफॉर्म जैसी आवश्यक वस्तुएं रियायती दरों पर उपलब्ध कराई गईं, जिससे लोगों को काफी लाभ मिला। समापन अवसर पर राज्यसभा सांसद श्रीमती माया नारोलिया विशेष रूप से उपस्थित रहीं। उन्होंने मेले में आए बच्चों और अभिभावकों से संवाद कर उनका फीडबैक लिया। इस दौरान अभिभावकों और विद्यार्थियों ने इस पहल की सराहना करते हुए भविष्य में भी ऐसे आयोजन नियमित रूप से कराने की मांग की। मेले में विभिन्न विक्रेताओं द्वारा लगभग 50 प्रतिशत तक की छूट पर सामग्री उपलब्ध कराई गई, जिससे प्रतिस्पर्धा का माहौल बना और इसका सीधा लाभ उपभोक्ताओं को मिला। अपने संबोधन में श्रीमती माया नारोलिया ने इसे मध्यप्रदेश शासन की एक सराहनीय और अभिनव पहल बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से न केवल अभिभावकों को आर्थिक राहत मिलती है बल्कि विद्यार्थियों को आवश्यक शैक्षणिक सामग्री आसानी से प्राप्त हो जाती है। मेले के सफल आयोजन में कलेक्टर सुश्री सोनिया मीना, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी हिमांशु जैन, संयुक्त कलेक्टर ब्रिजेंद्र रावत, अपर कलेक्टर अनिल जैन तथा प्रिंट एवं इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों का महत्वपूर्ण योगदान रहा। जिला शिक्षा अधिकारी एलएन प्रजापति ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया तथा मेले के सफल संचालन के लिए सभी अधिकारियों और सहयोगियों की सराहना की। समापन अवसर पर सहायक नोडल अधिकारी विक्रम कुमार नरवरिया, संस्था के प्राचार्य संदीप शुक्ला सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। मेले में विभिन्न बुक डिपो और स्टेशनरी विक्रेताओं ने भाग लेकर विद्यार्थियों और अभिभावकों को रियायती दरों पर सामग्री उपलब्ध कराई, जिससे यह आयोजन पूर्ण रूप से सफल रहा।
