
(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
शहर के पॉश इलाके में दिनदहाड़े गुंडागर्दी का एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। नेहरू पार्क के पास मुख्य मार्ग पर दो युवकों द्वारा एक किशोर पर हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। घटना के बाद क्षेत्र में दहशत का माहौल बन गया है। घायल किशोर को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मामले को लेकर कमलेश पटेल ने पुलिस अधीक्षक और थाना प्रभारी से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार घटना शनिवार दोपहर की है। पीड़ित मनोज पटेल (16) बाजार से अपनी दुकान का सामान लेकर घर लौट रहा था। इसी दौरान नेहरू पार्क के पास मुख्य सड़क पर अनुज कहार और मुसेज खान नामक दो युवकों ने उसे रोक लिया। बताया जा रहा है कि दोनों आरोपियों ने मनोज के साथ पहले गाली-गलौज की और देखते ही देखते विवाद बढ़ गया।प्रत्यक्षदर्शियों और पीड़ित पक्ष की शिकायत के अनुसार, विवाद के दौरान आरोपियों ने अपने हाथ में पहने लोहे के भारी कड़े से मनोज के सिर पर जोरदार हमला कर दिया। वार इतना तेज था कि मनोज के सिर से खून बहने लगा और वह सड़क पर ही गिर पड़ा। घटना के बाद मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।हमला करने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए, लेकिन जाते-जाते पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल मनोज को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसके सिर पर टांके लगाए और प्राथमिक उपचार दिया।पीड़ित परिवार ने इस घटना को लेकर पुलिस प्रशासन से आरोपियों के खिलाफ कड़ी वैधानिक कार्रवाई करने की मांग की है। वहीं क्षेत्र के लोगों का कहना है कि शहर के व्यस्त इलाके में इस तरह की घटना से सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई की उम्मीद जताई जा रही है।
