
सिवनी मालवा। क्षेत्र में अवैध शराब के बढ़ते कारोबार को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। विधायक के जन समस्या निवारण शिविर में प्राप्त शिकायत पर संज्ञान लेते हुए अनुविभागीय दंडाधिकारी (एसडीएम) सिवनी मालवा के निर्देश पर ग्राम खपरिया में छापेमारी कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब जब्त की गई।प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम खपरिया के झिल्लाय मेन रोड पर स्थित रामचंदर पिता आत्माराम यदुवंशी की दुकान से कुल 83.710 बल्क लीटर अवैध शराब बरामद की गई। कार्रवाई के दौरान थाना सिवनी मालवा पुलिस और आबकारी विभाग की संयुक्त टीम मौके पर मौजूद रही। जब्त की गई शराब को विधिवत पंचनामा बनाकर संबंधित विभाग के सुपुर्द कर दिया गया तथा आगे की वैधानिक प्रक्रिया प्रारंभ कर दी गई है।इस प्रशासनिक कार्रवाई में नायब तहसीलदार कीर्ति प्रधान, हल्का पटवारी, चौकीदार और होम गार्ड सैनिकों की सक्रिय भूमिका रही। टीम ने मौके पर पहुंचकर जब्ती की कार्यवाही पूरी की और संबंधित दस्तावेज तैयार किए।एसडीएम सिवनी मालवा ने बताया कि क्षेत्र में अवैध शराब के विक्रय और परिवहन पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन पूरी तरह प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि जन समस्या निवारण शिविर में प्राप्त शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए प्राथमिकता के आधार पर जांच और त्वरित कार्रवाई की जा रही है। अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।गौरतलब है कि क्षेत्र में अवैध शराब के कारण सामाजिक समस्याएं, पारिवारिक विवाद, सड़क दुर्घटनाएं और अपराध की घटनाएं बढ़ने की शिकायतें लगातार सामने आती रही हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन की इस कार्रवाई का स्वागत करते हुए उम्मीद जताई है कि लगातार निगरानी और कठोर कदमों से अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी रोक लग सकेगी।प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब से संबंधित किसी भी प्रकार की गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें, ताकि समय रहते कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।
