
सिवनी मालवा (पवन जाट)
विश्व हिंदू परिषद और बजरंग दल नगर समिति द्वारा रविवार सुबह शहर में रन फॉर हेल्थ कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में युवाओं और कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर स्वस्थ जीवनशैली और नशा-मुक्त भारत का संदेश दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः 7 बजे स्थानीय जय स्तंभ चौक से हुई, जहाँ उपस्थित पदाधिकारियों के मार्गदर्शन में दौड़ का शुभारंभ किया गया। रन फॉर हेल्थ मुख्य मार्गों—मेन रोड, पत्थर पुल, नंदरवाड़ा रोड—से होते हुए श्री राम वाटिका उद्यान में संपन्न हुई।बजरंग दल संस्कार सप्ताह के अंतर्गत आयोजित इस कार्यक्रम की जानकारी नगर सह संयोजक देव बाथब ने दी। कार्यक्रम में विश्व हिंदू परिषद प्रांत सह धर्माचार्य संपर्क प्रमुख शिव राठौर ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आधुनिक जीवनशैली और नशे की बढ़ती प्रवृत्ति के कारण युवा पीढ़ी दिशाहीन हो रही है। उन्होंने कहा कि खेल गतिविधियों से जुड़कर युवा न केवल खुद को फिट रख सकते हैं, बल्कि समाज में नशा-मुक्त वातावरण बनाने की दिशा में भी योगदान दे सकते हैं।विहिप जिला सह मंत्री सनुप सिंह यदुवंशी ने स्वस्थ भारत निर्माण में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर जोर दिया। जिला समरसता प्रमुख अनिल यादव ने कहा कि यदि समाज को नशे की बुराइयों से मुक्त करना है, तो युवाओं को खेलों की ओर प्रेरित करना आवश्यक है।कार्यक्रम का संचालन देव बाथब ने किया और आभार व्यक्त विहिप नगर मंत्री सुशील गोहर ने। दौड़ में नगर उपाध्यक्ष तरुण सुनानिया, बलराम विश्वकर्मा, रितेश परदेशी, अर्णव यादव, नमन बाथब सहित अनेक कार्यकर्ता और खेल प्रेमी युवा शामिल हुए। सभी ने मिलकर स्वस्थ, जागरूक और नशा-मुक्त समाज बनाने का संकल्प लिया।
