
प्रतीक पाठक नर्मदापुरम
शहर के मोरचली चौक क्षेत्र में शुक्रवार रात करीब 10:30 बजे एक बड़ा हादसा हो गया, जब तेज रफ्तार और नशे में धुत एक ऑटो रिक्शा अनियंत्रित होकर दुकान और मकान में जा घुसा। घटना में बड़ा नुकसान हुआ, हालांकि गनीमत रही कि कोई जनहानि नहीं हुई।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, एक ऑटो रिक्शा तेज गति से मोरचली चौक की ओर आ रहा था। चालक शराब के नशे में था और वाहन पर उसका नियंत्रण नहीं रहा। देखते ही देखते ऑटो सीधे “मोहन आभूषण भंडार” की दुकान में जा टकराया और फिर पास ही स्थित गोलू गुप्ता के मकान से जा भिड़ा। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दुकान की बाहरी दीवार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, वहीं मकान का सटल और चबूतरा भी टूटकर बिखर गया।घटनास्थल पर उस समय कुछ बच्चे खेल रहे थे, जो इस हादसे में बाल-बाल बच गए। वहीं सामने से आ रही एक महिला और उनका बच्चा भी किसी तरह खुद को सुरक्षित बचाने में सफल रहे। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यदि बच्चे कुछ सेकंड और वहीं खड़े रहते तो यह हादसा बेहद गंभीर और जानलेवा साबित हो सकता था।
हादसे के बाद ऑटो में सवार तीनों युवक मौके से भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन आसपास मौजूद लोगों ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें पकड़ लिया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस और डायल 100 की टीम मौके पर पहुंची और तीनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया।पुलिस ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाने, संपत्ति को नुकसान पहुंचाने और नशे में वाहन चलाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जा रहा है। साथ ही ऑटो मालिक को भी थाने बुलाकर पूछताछ की जा रही है।
