नहर में गिरी कार, अंदर फंसे तीन युवकों की दर्दनाक मौत

                    प्रतीक पाठक नर्मदापुरम

शहर के समीपस्थ पथरोटा थाना क्षेत्र में देर रात एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। इटारसी से सिवनी मालवा जा रही एक कार अनियंत्रित होकर रेलिंग तोड़ते हुए नहर में जा गिरी। कार में सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।जानकारी के अनुसार यह हादसा रात करीब 12 बजे हुआ। तेज रफ्तार कार अचानक नियंत्रण खो बैठी और नहर में गिर गई। गिरते ही कार कुछ ही पलों में गहरे पानी में समा गई। नहर का बहाव तेज और गहराई अधिक होने के कारण कार में सवार युवक बाहर नहीं निकल सके। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक मदद के लिए चिल्लाते रहे और कांच खोलने की कोशिश भी की, लेकिन कार लॉक होने के कारण वे अंदर ही फंस गए और कुछ ही देर में वाहन पूरी तरह डूब गया।घटना की सूचना मिलते ही पथरोटा थाना पुलिस और एसडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची। एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू अभियान चलाकर कार को बाहर निकाला। प्लाटून कमांडर अमृता दीक्षित ने बताया कि रेस्क्यू के दौरान तीनों युवक कार के अंदर मृत अवस्था में मिले।मृतकों की पहचान लकी पटेल (30) निवासी रैसलपुर, शिवम (26) निवासी खीर पानी और अभय (19) निवासी पुरानी इटारसी के रूप में हुई है। तीनों युवक इटारसी से सिवनी मालवा लौट रहे थे।पथरोटा थाना प्रभारी संजीव पवार ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाएंगे। पुलिस ने मर्ग कायम कर हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। इस हृदयविदारक घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

Spread the love