(प्रतीक पाठक नर्मदापुरम)
मां नर्मदा की निर्मलता और पवित्रता को बनाए रखने के संकल्प के साथ रविवार को स्थानीय चित्रगुप्त घाट पर वृहद स्वच्छता अभियान चलाया गया। अखिल भारतीय कायस्थ समाज की ‘मातृ शक्ति’ इकाई एवं वरिष्ठ समाजसेवी विजय वर्मा के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में समाज के सदस्यों ने उत्साहपूर्वक श्रमदान कर घाट परिसर को स्वच्छ, सुरक्षित और सुंदर बनाने का संदेश दिया।
नर्मदा जयंती के उपलक्ष्य में श्रद्धालुओं द्वारा अर्पित की गई पूजन सामग्री, फूल-मालाएं एवं अन्य अपशिष्ट घाट की सीढ़ियों और किनारों पर जमा हो गए थे। अभियान के दौरान मातृ शक्ति की सदस्यों ने पूरी तत्परता के साथ इन फूल-मालाओं और कचरे को एकत्र कर डस्टबिन में डाला। साथ ही, घाट के फर्श पर जमी फिसलन भरी काई को भी हटाया गया, जिससे श्रद्धालुओं को आवागमन में किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इस अवसर पर वरिष्ठ समाजसेवी एवं सेवानिवृत्त बैंक अधिकारी विजय वर्मा ने कहा कि मां नर्मदा केवल नदी नहीं, बल्कि जीवनदायिनी और आस्था का प्रतीक हैं। उनका संरक्षण करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि पूजन सामग्री को सीधे जल में प्रवाहित न करें, बल्कि निर्धारित स्थानों पर ही डालें। यदि हर नागरिक अपनी जिम्मेदारी समझ ले, तो नर्मदापुरम स्वच्छता के क्षेत्र में निश्चित रूप से “नंबर वन” बन सकता है।
अभियान में नगर पालिका उपाध्यक्ष अभय वर्मा, मातृ शक्ति अध्यक्ष ज्योति वर्मा सहित समाज के अनेक गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। इनमें केशव वर्मा, सेवानिवृत्त शिक्षिका मंजू श्रीवास्तव, राजेंद्र प्रसाद, प्रीति खरे, सी.बी. खरे, मनोज वर्मा, लालता प्रसाद, रश्मि वर्मा और गुड्डू वर्मा प्रमुख रूप से शामिल थे। सभी ने सामूहिक स्वच्छता के इस प्रयास की सराहना करते हुए इसे निरंतर जारी रखने का संकल्प लिया।

