
नर्मदापुरम संवाददाता-
भाई-बहन के अटूट प्रेम और विश्वास के प्रतीक भाई दूज के पावन पर्व पर नर्मदापुरम यातायात पुलिस ने सड़क सुरक्षा को लेकर एक अनूठी और भावनात्मक पहल की। इस दौरान बहनों ने अपने भाइयों को स्वयं हेलमेट पहनाकर उनसे जीवनभर दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट का उपयोग करने का वचन लिया। यातायात पुलिस की इस पहल ने भाई दूज के पारंपरिक उत्सव को सड़क सुरक्षा के महत्वपूर्ण संदेश से जोड़ दिया। पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा के नेतृत्व में विशेष हेलमेट जागरूकता अभियान चलाया गया। अभियान के दौरान इटारसी मार्ग पर भाई दूज मनाने जा रहे दोपहिया वाहन सवार भाई-बहनों को रोककर सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया। यातायात पुलिस ने बहनों को समझाया कि भाई दूज पर वे अपने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र और खुशहाली की कामना करती हैं। ऐसे में उनकी सुरक्षा सुनिश्चित करना भी उतना ही जरूरी है। बहन के हाथों से लगाया गया रक्षा का तिलक तभी सार्थक होगा, जब भाई अपनी सुरक्षा के प्रति भी जिम्मेदार बनेगा। इसी संदेश को आगे बढ़ाते हुए यातायात पुलिस ने लगभग 20 बहनों को निःशुल्क हेलमेट उपलब्ध कराए, जिन्हें बहनों ने अपने भाइयों को स्वयं पहनाया। इसके साथ ही भाइयों ने भी अपनी बहनों से वादा किया कि वे भविष्य में कभी बिना हेलमेट के दोपहिया वाहन नहीं चलाएंगे। अभियान के दौरान कई भावुक और आत्मीय दृश्य देखने को मिले। बहनों ने हेलमेट पहनाकर अपने भाइयों के प्रति प्रेम और चिंता जाहिर की। यातायात पुलिस की इस पहल का उद्देश्य केवल हेलमेट वितरित करना नहीं, बल्कि लोगों के व्यवहार में स्थायी बदलाव लाना है। पुलिस ने संदेश दिया कि सड़क सुरक्षा केवल पुलिस की जिम्मेदारी नहीं, बल्कि प्रत्येक व्यक्ति और उसके परिवार की साझा जिम्मेदारी है। कार्यक्रम में उप पुलिस अधीक्षक यातायात संतोष मिश्रा, निरीक्षक सूरज जमरा, सहायक उप निरीक्षक शैलेन्द्र तिलोटिया सहित यातायात पुलिस का स्टाफ उपस्थित रहा। यातायात पुलिस की विशेष अपील यातायात पुलिस नर्मदापुरम ने नागरिकों से अपील की है कि दोपहिया वाहन चलाते समय चालक के साथ पीछे बैठने वाला व्यक्ति भी अनिवार्य रूप से हेलमेट पहने। चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का उपयोग करें तथा निर्धारित गति सीमा का पालन करते हुए वाहन चलाएं। पुलिस ने कहा कि बहन का प्यार और विश्वास अनमोल है। भाई दूज पर लिया गया सुरक्षा का संकल्प केवल एक दिन के लिए नहीं, बल्कि जीवनभर निभाएं। क्योंकि आपकी सुरक्षित घर वापसी ही आपकी बहन के लिए सबसे बड़ा उपहार और परिवार की सबसे बड़ी खुशी है।
