
नर्मदापुरम संवाददाता-
शहर के समीप नर्मदा नदी पर स्थित खर्रा घाट ब्रिज पर मंगलवार दोपहर एक प्रेमी जोड़े के बीच हुआ विवाद उस समय गंभीर स्थिति में पहुंच गया, जब दोनों आवेश में आकर नर्मदा नदी में छलांग लगाने की स्थिति में पहुंच गए। हालांकि, मौके से गुजर रहे एक सतर्क पुलिसकर्मी की सूझबूझ और तत्परता के चलते समय रहते बड़ी अनहोनी टल गई और दोनों की जान बच गई।जानकारी के अनुसार, नर्मदा ब्रिज पर युवक और युवती के बीच किसी बात को लेकर विवाद शुरू हुआ। देखते ही देखते दोनों के बीच बहस बढ़ गई। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि दोनों एक-दूसरे को जान देने की बात कहने लगे और पुल की रेलिंग के पास पहुंच गए। दोनों की हरकत से वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी जैसी स्थिति बन गई।इसी दौरान बुधनी स्थित मधुबन हॉस्पिटल से लौट रहे हेड कांस्टेबल अश्विनी वर्मा की नजर पुल पर चल रहे घटनाक्रम पर पड़ी। उन्होंने तत्काल स्थिति की गंभीरता को भांपते हुए अपना वाहन रोका और दोनों के पास पहुंचे। हेड कांस्टेबल ने दोनों को समझाइश दी और कड़ी फटकार लगाते हुए उन्हें ऐसा कदम नहीं उठाने के लिए समझाया।पुलिसकर्मी की तत्परता और सूझबूझ से दोनों युवक-युवती को सुरक्षित पुल से हटाया गया। समय रहते पुलिसकर्मी के पहुंच जाने से संभावित बड़ा हादसा टल गया।घटना ने एक बार फिर यह साबित कर दिया कि विपरीत परिस्थितियों में पुलिसकर्मी की सजगता और त्वरित निर्णय किसी की जिंदगी बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं। हेड कांस्टेबल अश्विनी वर्मा की तत्परता की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
