पौधे हमारी प्राकृतिक संपदा ही नहीं, भावी पीढ़ियों के स्वस्थ जीवन का आधार हैं: एएसपी अभिषेक राजन

                    [नर्मदापुरम संवाददाता]

पर्यावरण संरक्षण और हरियाली को बढ़ावा देने के उद्देश्य से अखिल भारतीय कायस्थ समाज मातृशक्ति एवं पुरुष वर्ग के साप्ताहिक अभियान के तहत रविवार को जिला पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर में पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान फलदार अमरूद, गुलाब और औषधीय गुणों से भरपूर तुलसी के पौधे लगाए गए।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन ने कहा कि पेड़-पौधे केवल प्राकृतिक संपदा नहीं, बल्कि भावी पीढ़ियों के अस्तित्व और स्वस्थ जीवन का आधार हैं। उन्होंने कहा कि आज लगाया गया प्रत्येक पौधा भविष्य में शुद्ध वायु और सुरक्षित पर्यावरण का आधार बनेगा। पर्यावरण संरक्षण केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। यदि हर व्यक्ति वर्ष में कम से कम एक पौधा लगाकर उसकी देखभाल का संकल्प ले, तो पूरा क्षेत्र हरियाली से आच्छादित हो सकता है।रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल ने कहा कि पौधरोपण केवल औपचारिकता नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ियों के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और सुरक्षा भी उतनी ही आवश्यक है, तभी पर्यावरण संरक्षण का उद्देश्य सफल होगा।कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अभिषेक राजन, रक्षित निरीक्षक स्नेहा चंदेल सहित अखिल भारतीय कायस्थ समाज के पदाधिकारी, समाजसेवी एवं पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे। सभी ने अधिक से अधिक पौधे लगाने और उनके संरक्षण का संकल्प लिया।

Spread the love