गुरु पूर्णिमा पखवाड़े का हुआ समापन, उत्कृष्ट छात्राएं हुईं सम्मानित

नर्मदापुरम संवाददाता-

शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, जुमेराती में 15 दिवसीय ‘गुरु पूर्णिमा पखवाड़ा’ का समापन समारोह गुरुवार को उत्साह एवं गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि श्री संदीप स्वामी द्वारा दीप प्रज्ज्वलन एवं सरस्वती वंदना के साथ किया गया।मुख्य अतिथि श्री संदीप स्वामी ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को गुरु के महत्व, संस्कार, अनुशासन एवं भारतीय संस्कृति में गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि गुरु के मार्गदर्शन से ही जीवन को सही दिशा और सफलता मिलती है।विद्यालय में 15 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक आयोजित गुरु पूर्णिमा पखवाड़े के दौरान भाषण, निबंध, श्लोक वाचन, भजन एवं योग प्रतियोगिताओं सहित वृक्षारोपण और स्वच्छता अभियान जैसी शैक्षणिक, सांस्कृतिक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया गया। समापन समारोह में इन प्रतियोगिताओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को पुरस्कार एवं प्रमाण-पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया।समस्त कार्यक्रम संस्था की प्राचार्य श्रीमती कीर्ति शिवपुरिया के कुशल मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का सफल संचालन श्रीमती संगीता शर्मा ने किया। आयोजन को सफल बनाने में श्रीमती छाया भगत, श्रीमती मंजू पाठक एवं विद्यालय के समस्त स्टाफ का सराहनीय सहयोग रहा।अंत में श्रीमती नीलम शर्मा ने उपस्थित अतिथियों, शिक्षकों एवं छात्राओं का आभार व्यक्त करते हुए सभी के सहयोग के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।

Spread the love