सांदीपनि विद्यालय में पुलिस का ‘युवा सृजन संवाद’, विद्यार्थियों को कानून और साइबर सुरक्षा का दिया संदेश

नर्मदापुरम संवाददाता –

सांदीपनि विद्यालय, पवारखेड़ा में शनिवार को नर्मदापुरम पुलिस द्वारा “युवा सृजन संवाद” कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में कक्षा 11वीं एवं 12वीं के करीब 100 विद्यार्थियों को उनके संवैधानिक अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों, कानून की जानकारी और साइबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया गया।पुलिस मुख्यालय भोपाल के निर्देश पर आयोजित कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक श्री साईंकृष्णा एस. थोटा एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री अभिषेक राजन के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ। इस दौरान मास्टर ट्रेनर एवं उप पुलिस अधीक्षक (यातायात) श्री संतोष मिश्रा, निरीक्षक श्रीमती राखी मौर्य, विद्यालय के प्राचार्य श्री संदीपन नीखर, व्यायाम निर्देशक श्री राजेंद्र प्रसाद नामदेव एवं व्याख्याता डॉ. संगीता सूर्यवंशी उपस्थित रहे।कार्यक्रम में विद्यार्थियों को संविधान द्वारा प्रदत्त अधिकारों, नागरिक कर्तव्यों और कानून के पालन के महत्व की जानकारी दी गई। साथ ही बताया गया कि किसी भी व्यक्ति के अधिकारों का उल्लंघन कई परिस्थितियों में अपराध की श्रेणी में आता है।पुलिस अधिकारियों ने मोबाइल, इंटरनेट और सोशल मीडिया के सकारात्मक एवं नकारात्मक प्रभावों पर चर्चा करते हुए सुरक्षित इंटरनेट उपयोग, स्क्रीन टाइम प्रबंधन, साइबर ठगी से बचाव और जिम्मेदार डिजिटल नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया। विद्यार्थियों को राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन 1930 तथा साइबर अपराधों की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया की भी जानकारी दी गई।कार्यक्रम के दौरान शिक्षकों से भी अपील की गई कि वे विद्यार्थियों एवं अभिभावकों के साथ नियमित संवाद बनाए रखें और विद्यालय स्तर पर साइबर सुरक्षा संबंधी जागरूकता गतिविधियों को बढ़ावा दें।पुलिस ने बताया कि कार्यक्रम के अगले चरण में विद्यार्थियों को थाना एवं पुलिस कंट्रोल रूम का भ्रमण कराया जाएगा, जहां उन्हें डायल-112 की कार्यप्रणाली, शिकायत से कार्रवाई तक की प्रक्रिया तथा “सेफ सिटी” योजना के अंतर्गत संचालित आधुनिक सीसीटीवी निगरानी एवं तकनीक आधारित पुलिसिंग से परिचित कराया जाएगा।

Spread the love